हिमाचल में सीएम के गढ़ में रोड शो करेगी आप, जानें मंडी पर फोकस की वजह

6 अप्रैल को मंडी में होने वाले इस रोड शो की अगुवाई पंजाब के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल करेंगे।
 | 
6 अप्रैल को मंडी में होने वाले इस रोड शो की अगुवाई पंजाब के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल करेंगे।

पंजाब में मिली बंपर जीत के बाद उत्साहित आम आदमी पार्टी (आप) ने अब हिमाचल में पांव पसार दिए हैं। हिमाचल में इसी साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में आप अभी से अपनी स्थिति मजबूत करने में जुट गई है। इसी कड़ी में आप 6 अप्रैल को एक बड़ा रोड शो करने की तैयारी में है। यही नहीं यह रोड शो भी हिमाचल के सीएम जयराम ठाकुर के गृह जिले मंडी में करने की तैयारी है। मंडी को मुख्य केंद्र चुनने की कई वजह हैं। आइए यहां जानते हैं कि आम आदमी पार्टी सबसे पहले मंडी से ही शुरुआत क्यों करना चाहती है।

यह भी पढ़ेंः-सोनिया से मिलकर बोले कांग्रेस के नेता, 'हिमाचल में AAP अभी पैदा नहीं हुई है, टक्कर भाजपा से'

6 अप्रैल को मंडी में होने वाले इस रोड शो की अगुवाई पंजाब के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल करेंगे। हिमाचल के आप प्रभारी रत्नेश गुप्ता ने कहा, 'हमने दो वजहों से मंडी को अपने कैंपेन की शुरुआत के लिए चुना है। एक तो यह राज्य के बीचों बीच बसा है। इसके अलावा मौजूदा दौर में सूबे की राजनीति के केंद्र में भी है।' यानी साफ कारण है कि भाजपा के सीएम होने के कारण ही आप आदमी पार्टी मंडी से प्रदेश की सियासत में हलचल पैदा करने वाली है।

यह भी पढ़ेंः-पंजाब में अब 'आप' की सरकार, क्या बदलेगा हिमाचल का सियासी परिदृश्य

मंडी जिला भाजपा के अलावा कांग्रेस के लिए भी काफी अहम है। मंडी जिला हिमाचल प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का गृह जिला है। इसके अलावा कांग्रेस के दिवंगत नेता वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह भी यहीं से सांसद हैं। आपको बता दें कि 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने मंडी जिले की कुल 10 विधानसभा सीटों में से 9 सीटों पर जीत हासिल की थी। जोगिंद्र नगर से निर्दलीय उम्मीदवार प्रकाश राणा को जीत मिली थी। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस एक भी सीट मंडी से नहीं निकाल पाई थी। भाजपा मंडी जिले में ऐतिहासिक सफलता दोहराने की कोशिश में है। 

यह भी पढ़ेंः-हिमाचल की सियासत: कांग्रेस से पलायन तो 'आप' का स्वागत

उपचुनाव में हार से भाजपा को लगा था झटका
विधानसभा और लोकसभा उपचुनाव में भाजपा को करारा झटका लगा था। भाजपा जुब्बल कोटखाई, फतेहपुर और अर्की विधानसभा सीट के अलावा मंडी लोकसभा सीट के उपचुनाव भी हार गई थी। इस हार के लिए मुख्यमंत्री जयराम ने वीरभद्र सिंह की मौत के चलते कांग्रेस को सहानुभूति मिलने को वजह बताया था। साथ ही महंगाई को भी एक अहम मुद्दा माना था। आप के प्रवक्ता गौरव शर्मा ने कहा, 'यह अपने आप में एक ऐतिहासिक इवेंट होगा। अब तक सूबे की राजनीति दोध्रुवीय ही रही है। लेकिन अब इसमें बदलाव देखने को मिलेगा। इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में आप के कार्यकर्ता शामिल होंगे।' 

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।