हिमाचल प्रदेश के आज के 10 प्रमुख समाचार HP Top 10 News Today

नाहन में हॉकी एस्ट्रोटर्फ का शिलान्यास। चम्बा में बोलेरो हादसे का शिकार। धर्मशाला में खालिस्तानी झंडे। चम्बा जिला में धारा-144 समेत समाचार बड़े समाचार।
 | 
Himachal Pradesh TOP News Today

1. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने किया हॉकी एस्ट्रोटर्फ का शिलान्यास

केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने रविवार को सिरमौर जिला के नाहन विधानसभा क्षेत्र में हॉकी एस्ट्रोटर्फ का शिलान्यास किया। हिमाचल के दूसरे हॉकी एस्ट्रोटर्फ का शिलान्यास नाहन विधानसभा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल माजरा में किया गया। इसके निर्माण पर 7.5 करोड़ रुपये की लागत आएगी। माजरा में बनने वाला हॉकी एस्ट्रोटर्फ प्रदेश का दूसरा एस्ट्रोटर्फ मैदान होगा। पूरी खबर यहां पढ़ें...

2. चम्बा में पांच जुलाई तक धारा-144, प्रवासियों को लेकर जारी हुए ये आदेश

हिमाचल प्रदेश के जिला चम्बा में दूसरे राज्यों से आने वाले श्रमिकों को पुलिस थाने में अपनी जानकारी देनी होगी। जिला दंडाधिकारी चम्बा डीसी राणा ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। उपायुक्त चम्बा ने आपराधिक प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के प्रावधानों को लागू करने के लिए आदेश जारी किए हैं । आदेश 5 जुलाई  तक लागू रहेंगे । किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए आपराधिक प्रक्रिया संहिता 1973 की धारा 144 के प्रावधानों को लागू करने के लिए आदेश जारी किए हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें...

चम्बाः लूणा में सुबह-सुबह गिरी बोलेरो गाड़ी, नूरपुर निवासी चालक की मौत

जिला चम्बा में हादसे रूकने का नाम नहीं ले रहे हैं। रविवार सुबह चम्बा जिला के जनजातीय क्षेत्र भरमौर के लूणा-सल्ली मार्ग पर एक बोलेरो गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

3. हिमाचल पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में शिमला में भी FIR, 3 और धरे

हिमाचल प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले की जांच विशेष जांच दल (SIT) ने अपने हाथ में ले ली है। इसके साथ ही कांगड़ा जिला के गगल पुलिस थाना में केस दर्ज करने के बाद अब एसआईटी ने स्टेट सीआईडी के पुलिस थाना भराड़ी में भी केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच SIT के पास पहुंचने के बाद पुलिस ने कांगड़ा जिला से तीन और लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पूरी खबर यहां पढ़ें...

4. हिमाचल विधानसभा के गेट पर लगाए खालिस्तानी झंडे, दीवारों पर भी लिखा 

हिमाचल प्रदेश की शीतकालीन राजधानी धर्मशाला में खालिस्तानी समर्थकों ने दस्तक दे दी है। शनिवार-रविवार मध्यरात्रि को धर्मशाला के तपोवन स्थित हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर के बाहर किसी ने खालिस्तान लिखने सहित प्रतिबंधित संगठन के झंडे लगा दिए। सुबह होते ही जब लोगों को इसका पता चला तो पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पूरी खबर यहां पढ़ें...

5. विधानसभा गेट पर खालिस्तानी झंडे, 'आप' बोली- भाजपा सरकार पूरी तरह फेल

हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर तपोवन (धर्मशाला) के मुख्य गेट पर खालिस्तानी झंडे मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। रविवार यानी आज सुबह धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश विधान सभा परिसर के मुख्य गेट और दीवार पर खालिस्तान के झंडे बंधे मिले हैं। सूचना मिलने के बाद प्रशासन सकते में है। झंडे लगाने की घटना को शातिरों ने शनिवार-रविवार मध्यरात्रि या फिर रविवार सुबह अंजाम दिया है। एसपी कांगड़ा कुशाल शर्मा ने कहा कि विधानसभा गेट से खालिस्तान के झंडे हटा दिए हैं।  पूरी खबर यहां पढ़ें...

6. 'आप' की एंट्री के साथ खालिस्तानियों की भी हिमाचल में घुसपैठः भाजपा

हिमाचल प्रदेश की शीतकालीन राजधानी धर्मशाला में खालिस्तानी झंडे लगे मिलने के बाद प्रदेश में सियासत शुरू हो गई है। हिमाचल प्रदेश भाजपा की प्रवक्ता एवं हिमाचल प्रदेश राज्य योजना बोर्ड की सदस्य प्रज्ज्वल बस्टा ने आप आदमी पार्टी पर संगीन आरोप लगाए हैं। भाजपा प्रवक्ता ने ट्वीट किया कि, "इधर हिमाचल में आम आदमी पार्टी ने एंट्री की साथ ही खालिस्तानियों ने भी हिमाचल में घुसपैठ शुरू कर दी है। हिमाचल के धर्मशाला स्थित विधानसभा भवन के बाहर खालिस्तानी झंडे प्रमाणित करते हैं कि आम आदमी पार्टी का खालिस्तानियों के साथ पूर्ण गठबंधन है।"   पूरी खबर यहां पढ़ें...

7. पंजाब में 'आप' की सरकार बनी, हिमाचल में खालिस्तानी गतिविधियां प्रखर हो गईंः कांग्रेस

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा, "जब पंजाब में आतंकवाद चर्म पर था तब भी हिमाचल में कभी इस तरह कि घटना नहीं हुई थी। जबसे वहां (पंजाब) 'आप' की नई सरकार बनी है, हिमाचल में भी ख़ालिस्तानी गतिविधियाँ प्रखर हो गई हैं। रात के अंधेरे में हो या दिन के उजाले में, धर्मशाला विधानसभा जैसी महत्वपूर्ण इमारत के मुख्य द्वार और दीवारों पर ख़ालिस्तानी झंडे लगा जाना प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की सबसे बड़ी नाकामी है। जो विधानसभा को सुरक्षित नही रख सकते वो जनता को क्या सुरक्षा देंगे? कांग्रेस पार्टी देश की एकता की पक्षधर है। हिमाचल भारत का अखंड हिस्सा है और हम इसकी अखंडता भंग करने वाली या उसका समर्थन करने वाली हर आवाज़ के ख़िलाफ़ है। सरकार इन लोगों के ख़िलाफ़ जल्द ही कड़ी से कड़ी कार्यवाही करे।"  पूरी खबर यहां पढ़ें...

8. मां की जिद और संघर्ष ने दिव्यांग बेटे को बना दिया पैरा एथलेटिक्स चैंपियन

एक मां के संघर्ष और जिद ने दिव्यांग बेटे को पैरा एथलेटिक्स में पदक जीतने के काबिल बना दिया। चिकित्सकों ने दिव्यांग बेटे को अपने पैरों पर खड़ा होने और बोलने में असमर्थ बता दिया था, लेकिन हमीरपुर विकास खंड के गांव चौकी जंवाला की सुनीता ने हिम्मत नहीं हारी। बेटे का हर संभव इलाज करवाया। दर्जनों अस्पतालों में भटकीं। सैकड़ों चिकित्सकों से उपचार और परामर्श लिया।  अधिकतर चिकित्सकों से यही सुनने को मिला कि आपका बेटा चल फिर और बोल नहीं सकेगा।  पूरी खबर यहां पढ़ें...

9. दो वर्षों में महज दो किलोमीटर सड़क पर हुई टारिंग

लोक निर्माण विभाग बड़सर के तहत एक सड़क दो वर्षो में महज दो किलोमीटर ही पक्की हो पाई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सरला से चकमोह वाया घंगोट सड़क का कार्य 2020 में शुरू हुआ था। टेंडर नियमों के अनुसार यह कार्य जून 2021 में समाप्त होना था। लेकिन साल 2020 में शुरू हुआ सड़क का काम 2022 में भी पूरा नहीं हो पाया है। लगभग 8 किलोमीटर लम्बी इस सड़क में महज 2 किलोमीटर ही अभी तक पककी हो पाई है। इसके निर्माण पर पांच करोड़ और रखरखाव पर 46 लाख के करीब राशि खर्च होनी थी। लेकिन 2 वर्ष के बाद भी सड़क का काम अधूरा है। काम में देरी के कारण एक तो इसकी लागत बढ़ती जा रही है, वहीं इस सड़क से गुजरने वाले लोग प्रदूषण से परेशान हैं।  पूरी खबर यहां पढ़ें...

10. दियोटसिद्ध मंदिर में बुरी तरह उड़ीं ट्रैफिक सिस्टम की धज्जियां

उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रविवार को हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा जी की पवित्र गुफा में शीश नवाया व बाबाजी का आर्शिवाद लिया। दियोटसिद्ध में रविवार को दियोटसिद्ध में हिमाचल के अलावा पंजाब, दिल्ली व अन्य राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने बाबा की गुफा में बड़ी नम्रता पूर्वक शीश नवाया तथा सुख समृद्धि की कामना की। दियोटसिद्ध में गाडिय़ां बैरियर नंबर दो से होते हुए मंदिर मार्ग से बेधडक़ गुजरती रही। दियोटसिद्ध मंदिर की व्यवस्थाएं आखिर कब सुधरेंगी। पूरी खबर यहां पढ़ें...

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।