Hamirpur : जालसाजी कर पुलिस भर्ती में भाग लेने वाले पूर्व सैनिक पर धोखाधड़ी का केस

सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर मदनशील शर्मा ने कहा कि दस्तावेजों से छेड़छाड़ कर जालसाजी करने के आरोप में एक पूर्व सैनिक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
 | 
पूर्व सैनिक पर धोखाधड़ी का केस

हमीरपुर ।   जाली दस्तावेजों के सहारे पुलिस भर्ती की प्रक्रिया में भाग लेने पर एक पूर्व सैनिक पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। आरोपी हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले का रहने वाला है। दरअसल, हिमाचल पुलिस में पूर्व सैनिक कोटे से कांस्टेबल की भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। इन पदों के लिए सैनिक कल्याण निदेशालय हमीरपुर से पात्रता पूरी करने वाले पूर्व सैनिकों की सूची पुलिस विभाग में भेजी जाती है।


शिमला का रहने वाला एक पूर्व सैनिक पुलिस भर्ती के लिए शारीरिक मापदंड को पूरा नहीं कर पा रहा था। आर्मी डिस्चार्ज बुक में उसके शरीर की ऊंचाई 165 सेंटीमीटर दर्ज थी, जबकि पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए ऊंचाई 169 सेंटीमीटर चाहिए थी। संबंधित व्यक्ति ने अपनी आर्मी डिस्चार्ज बुक में छेड़छाड़ कर शारीरिक ऊंचाई 165 की जगह काटछांट कर 169 सेंटीमीटर कर ली।


संबंधित व्यक्ति की यह चालाकी दस्तावेजों की गहन एवं बारीकी से जांच के दौरान पकड़ी गई। अब हमीरपुर पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सदर थाना में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 में मामला दर्ज किया है। इस जालसाजी के कारण संबंधित व्यक्ति पुलिस भर्ती से बाहर हो गया है। उसे पुलिस की कार्रवाई का सामना भी करना पड़ रहा है।

 उधर सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर मदनशील शर्मा ने कहा कि दस्तावेजों से छेड़छाड़ कर जालसाजी करने के आरोप में एक पूर्व सैनिक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।


 उधर एसएचओ हमीरपुर राजेश कुमार ने माना कि पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में शिमला निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।