हिमाचलः कोरम बैठक के दौरान महिला पंचायत प्रधान से हाथापाई, मामला दर्ज

जिला हमीरपुर की ग्राम पंचायत सठवीं में कोरम के दौरान महिला प्रधान से हाथापाई करने के आरोप में वार्ड पंच के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज हुआ है।
 | 

हमीरपुर। जिला हमीरपुर की ग्राम पंचायत सठवीं में कोरम के दौरान महिला प्रधान से हाथापाई करने के आरोप में वार्ड पंच के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज हुआ है। हालात बिगड़ते देख पंचायत प्रतिनिधियों ने मौके पर पुलिस बुलाई, लेकिन तब तक वार्ड सदस्य वहां से भाग गया। महिला प्रधान की शिकायत पर पुलिस ने हाथापाई करने और पंचायत की कार्यवाही भंग करने का मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार सठवीं ग्राम पंचायत में छह दिसंबर को कोरम के दौरान एक वार्ड पंच महिला प्रतिनिधियों की वीडियो मोबाइल से बना रहा था। महिला प्रतिनिधि ने पुरुष पंच से वीडियो बनाने पर आपत्ति दर्ज करवाई। जब पंचायत की महिला प्रधान ने पुरुष पंच को वीडियो बनाने से रोका तो विवाद बढ़ गया और पुरुष पंच ने आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए प्रधान से हाथापाई की। हाथापाई के दौरान चोटें आईं। विवाद इतना बढ़ गया कि प्रधान को पुलिस बुलानी पड़ी। लेकिन तब तक वार्ड सदस्य भाग चुका था। 

बताया जा रहा है कि वार्ड सदस्य की इस तरह की हरकतों की महिला प्रधान ने पूर्व में भी लिखित तौर पर शिकायत दर्ज करवा रखी है। पंचायत प्रधान ने वार्ड पंच को भविष्य में ऐसा न करने की हिदायत भी दी थी। लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। सोमवार को कोरम के दौरान विवाद को लेकर बातचीत हो रही थी तो उसने महिला प्रधान के साथ आपत्तिजनक व अभद्र भाषा का प्रयोग किया। रोकने पर उसने महिला प्रधान से हाथापाई की। 


उधर, सठवीं पंचायत की प्रधान किरण बाला का कहना है कि वार्ड पंच ने कोरम के दौरान आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने के साथ बुरी नीयत से वीडियो बनाई और हाथापाई की है। मुझे चोटें आई हैं। यह हरकत करने के तुरंत बाद वह कोरम से भाग गया। उसके खिलाफ पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज करवाई गई है। वहीं, वार्ड पंच का कहना है कि पंचायत में हुए कार्य के गोलमाल करने की वह वीडियो बनाता है। कोरम में मुझे प्रधान ने जूता मारा, इसी दौरान हाथापाई हुई है।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।