हिमाचल कांग्रेस में बड़ा बदलाव, पूर्व CM वीरभद्र की पत्नी प्रतिभा सिंह को बनाया प्रदेश अध्यक्ष

हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह (Former CM Virbhadra Singh) की पत्नी प्रतिभा वीरभद्र सिंह को प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान सौंपी गई है।
 | 
Pratibha singh प्रतिभा सिंह

हिमाचल कांग्रेस (Himachal Congress) में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। हिमाचल प्रदेश के पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह (Former CM Virbhadra Singh) की पत्नी प्रतिभा वीरभद्र सिंह को प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान सौंपी गई है। उन्हें कुलदीप राठौर की जगह हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। इसके अलावा सुखविंदर सिंह सुखू को चुनाव अभियान समिति के प्रमुख की जिम्मेदारी दी गई है।

यह भी पढ़ेंः-कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा भाजपा में जाने को तैयार, पढ़िए ये रिपोर्ट


कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) ने प्रतिभा सिंह को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त करने के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की संचालन समिति के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया है। जिला चम्बा के डलहौजी से कांग्रेस विधायक आशा कुमारी को संचालन समिति का संयोजक नियुक्त किया गया है। पार्टी द्वारा यह बदलाव इस साल के अंत में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले किए हैं।

यह भी पढ़ेंः-Ropeways In Chamba: भरमौर और पांगी में दो रोपवे, केंद्र से मिले 1738 करोड़ रुपये


कांग्रेस ने मुकेश अग्निहोत्री को हिमाचल प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता के रूप में बरकरार रखा है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा को स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में धनीराम शांडिल, कुलदीप सिंह राठौर, विप्लव ठाकुर, कौल सिंह ठाकुर, राम लाल ठाकुर, चंद्र कुमार, सुरेश चंदेल, हर्षवर्धन चौहान को भी शामिल किया है।

 यह भी पढ़ेंः-Ropeways In Himachal: हिमाचल में बनेंगे सात और रोपवे, निर्माण के लिए 3,232 करोड़ स्वीकृत

1985 में वीरभद्र सिंह से की थी शादी

प्रतिभा सिंह की नियुक्ति के बाद पार्टी का एक बड़ा वर्ग यह मान रहा है कि इससे पार्टी मजबूत होगी। प्रतिभा पहली बार 1998 में सक्रिय राजनीति में आई थीं और मंडी संसदीय सीट से ही बीजेपी प्रत्याशी महेश्वर सिंह के खिलाफ मैदान में उतरी थीं। हालांकि, उन्हें यहां हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने 1985 में वीरभद्र सिंह से शादी की थी। राज्य के पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह का पिछले साल 87 साल की उम्र में निधन हो गया था।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।