Kullu News : भूस्खलन से चौकी डोभी व देवधार गांव में फिर आई दरारें, 12 से अधिक घरों को पहुंचा नुकसान

कुल्लू । जिला कुल्लू देवधार और चौकी डोभी गांव में एक बार फिर मकानों में दरारें आना शुरू हो गई है। जिला के ग्राम पंचायत नयोली के गांव देवधार और ग्राम पंचायत चौकी डोभी के डोभी में मकानों में दरारे आने से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं । खराहल घाटी के चौकी डोभी और देवधार गांव में 12 से अधिक मकानों के गिरने का खतरा बना हुआ है। बीते दिनों हुई भारी बारिश के कारण दोबारा इस क्षेत्र में भूस्खलन होने लगा है। देवधार गांव में कई घरों में दरारें आई हैं। चौकी डोभी में टापू पुल (शनि मंदिर) से देवधार को जोड़ने वाला रास्ता भी धंस गया है।
वहीं, रामशिला से शनि मंदिर तक रुक-रुक कर भूस्खलन हो रहा है। इससे यहां रहने वाले परिवारों की नींद उड़ गई है। रामशिला से जिया तक पहाड़ी से हाईवे पर पत्थर गिरने का क्रम भी जारी है, जिसके कारण कभी भी वाहन हादसे का शिकार हो सकते हैं। पारला भुंतर क्षेत्र में भी फोरलेन धंस गया है। इसके चलते आसपास रहने वाले लोगों के घरों को भी खतरा पैदा हो गया है। बारिश के कारण हुए भूस्खलन से पारला भुंतर से लेकर हाथीथान के लोग रातभर सो नहीं पाए।
पंचायत प्रधान विनोद कायस्था ने बताया कि कई बार प्रशासन और एनएचएआई को अवगत करवाया गया, लेकिन कोई भी सुनवाई नहीं कर रहा है। बता दें कि फोरलेन निर्माण की कटिंग के कारण क्षेत्र में पांच साल से भूस्खलन हो रहा है, इसके कारण पंचायत चौकी डोभी और नेऊली के ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला प्रशासन, एनएच अथॉरिटी और फोरलेन निर्माण कर रही कंपनी के अधिकारी क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण कर चुके हैं। इसके बाद भूस्खलन रोकने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में डंगे भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। वहीं, लगातार बारिश से दोबारा दोनों पंचायतों के ग्रामीणों के लिए समस्या पैदा हो गई है। ग्राम पंचायत नेऊली के गांव देवधार और ग्राम पंचायत चौकी डोभी के गांव चौकी डोभी में फिर से मकानों में दरारें पड़ गई हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि रोज मकानों में दरारें बढ़ती जा रही हैं। इससे मकान कभी भी धराशाई हो सकते हैं। प्रभावित ग्रामीणों ने प्रशासन से समस्या का स्थायी समाधान खोजने की अपील की है। नेऊली के प्रधान ओम प्रकाश ने कहा कि भारी बारिश से दोबारा देवधार और चौकी डोभी गांव के कुछ घरों में दरारें आई हैं। प्रशासन और एनएचएआई समस्या का शीघ्र स्थायी समाधान निकाले।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।