HRTC : घाटे से मुनाफे की ओर बढ़ा परिवहन निगम, दो माह में बढ़ी 15 करोड़ आय, लगेज पॉलिसी से भी लाभ

एचआरटीसी की आमदनी बढ़नी शुरू हो गई है। एचआरटीसी की ओर से शुरू किए गए नए रूटों लेह-दिल्ली, शिमला-मनाली और मनाली-दिल्ली से निगम की कमाई बढ़ी है। निगम की कमाई में बढ़ोतरी का लाभ कर्मचारियों को हर महीने पहली तारीख को वेतन के रूप में मिल रहा है। इससे पहले कर्मियों को वेतन के लिए 10 से 15 दिन इंतजार करना पड़ता था।

 | 
Coronavirus/हिमाचल में निजी बसें नहीं चलेंगी, HRTC के 1400 रूट बंद

शिमला । सरकार के घाटे वाले निगमों में शामिल हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की आय बढ़नी शुरू हो गई है। वित्त वर्ष के पहले दो महीनों में एचआरटीसी ने बीते साल के मुकाबले 15 करोड़ रुपये अधिक आय अर्जित की है। कमाई वाले रूटों पर बसों के संचालन से लाभ मिला है। अप्रैल 2024 में निगम ने 72.5 करोड़ आय अर्जित की है। बीते साल अप्रैल में 66 करोड़ आय थी। इस साल 6.5 करोड़ अधिक आय हुई है।

मई 2024 में निगम को 84 करोड़ आय प्राप्त हुई है, पिछले साल मई में 76 करोड़ आय थी। पिछले साल के मुकाबले यह 8 करोड़ अधिक है। एचआरटीसी की ओर से शुरू किए गए नए रूटों लेह-दिल्ली, शिमला-मनाली और मनाली-दिल्ली से निगम की कमाई बढ़ी है। निगम ने घाटे वाले रूटों को कम किया है और रूट डायवर्ट कर बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ाई है। निगम के सभी 29 डिपो को आय के मासिक टारगेट देने शुरू किए हैं और निगरानी भी बढ़ाई है। हर रूट की मॉनीटरिंग की जा रही है।

चालकों की डीजल एवरेज और परिचालकों की प्रति किलोमीटर आय का भी रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। लगेज पॉलिसी से भी निगम की आय में बढ़ोतरी हुई है। यात्री अब निर्धारित किराया चुकाकर बस में सफर किए बिना भी अपना सामान एक स्थान से दूसरी जगह भेज सकते हैं। विज्ञापनों से भी निगम कमाई कर रहा है और बसों की चुनाव ड्यूटी से भी निगम की आमदनी बढ़ी है।

8 माह से पहली तारीख को मिल रहा वेतन

निगम की कमाई में बढ़ोतरी का लाभ 12 हजार कर्मचारियों को हर महीने पहली तारीख को वेतन के रूप में मिल रहा है। इससे पहले कर्मियों को वेतन के लिए 10 से 15 दिन इंतजार करना पड़ता था। सामाजिक दायित्व का निर्वहन करने के लिए एचआरटीसी उन घाटे वाले रूटों पर भी बसें चला रहा है, जहां बसें चलाने से निजी बस ऑपरेटर इंकार कर देते हैं।


उधर, एचआरटीसी  प्रबंध  निदेशक रोहन चंद ठाकुर ने कहा कि नए वित्त वर्ष के पहले दो महीनों में निगम की आय करीब 15 करोड़ बढ़ी है। यह कमाई बढ़ाने के लिए किए गए प्रयासों का परिणाम है। आय में हुई बढ़ोतरी का श्रेय निगम के सभी कर्मचारियों की मेहनत को जाता है। उम्मीद है कि आने वाले महीनों में कमाई के नए रिकॉर्ड बनेंगे।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।