हिमाचल में गर्मी ने तोड़े रिकाॅर्ड, पहली बार ऊना में 46 डिग्री पहुंचा पारा

हिमाचल प्रदेश में प्रचंड गर्मी ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। प्रदेश में बुधवार सबसे गर्म दिन रहा। बुधवार को ऊना में अब तक का सबसे अधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। पहली बार ऊना में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

 | 
photo

शिमला ।    हिमाचल प्रदेश में प्रचंड गर्मी ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। प्रदेश में बुधवार सबसे गर्म दिन रहा। बुधवार को ऊना में अब तक का सबसे अधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। पहली बार ऊना में अधिकतम तापमान 46.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इससे पहले 23 मई 2013, 21 जून 2005 और 10 जून 2019 को ऊना में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। उधर, शिमला में वर्ष 2012 के बाद 11 सालों में पहली बार शिमला का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। 

बुधवार को  बिलासपुर, हमीरपुर, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर और ऊना जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप रहा। गुरुवार के लिए मैदानी व कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। 30 मई से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 30 मई से 4 जून तक प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और अंधड़ चलने की संभावना जताई है। उधर, अधिकतम तापमान के साथ-साथ न्यूनतम तापमान भी लगातार बढ़ रहा है। 

कहां पर कितना अधिकतम तापमान

बुधवार को ऊना में  अधिकतम तापमान 46, नेरी 46.3, बिलासपुर 44.5, धौलाकुआं 43.2, हमीरपुर 43.8, बरठीं 42.4, कांगड़ा 41.6, सुंदरनगर 40.5, मंडी 41, बजाैरा 39.3, चंबा 38.5, नाहन 39.3, सोलन 38, धर्मशाला 37, मनाली 28.8 शिमला 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

कहां कितना न्यूनतम तापमान


बुधवार को शिमला में न्यूनतम तापमान 20.8, सुंदरनगर 17.0, भुंतर 13.9, कल्पा 10.0, ऊना 20.6, नाहन 24.9, केलांग 6.1, पालमपुर 22.5, सोलन 18.8, मनाली 13.7, कांगड़ा 21.0, मंडी 17.1, बिलासपुर 19.5, हमीरपुर 17.7, चंबा 16.4, डलहाैजी 21.2, कुफरी 18.5, कुकुमसेरी 6.9, नारकंडा 15.6, भरमाैर 16.3, रिकांगपिओ 13.1, सेऊबाग 14.8, बरठीं 17.2, कसाैली 24.9, पांवटा साहिब 31.0, सराहन 16.0, देहरा गोपीपुर 27.0, ताबो 9.1, सैंज 15.3 और बजाैरा 13.8  डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। 

भीषण गर्मी को देखते हुए जिला हमीरपुर के सभी स्कूलों में 30 मई से 4 जून तक छुट्टी घोषित कर दी गई है। इस संबंध में आदेश जारी करते हुए जिलाधीश अमरजीत सिंह ने बताया कि उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक और प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक से प्राप्त रिपोर्टों के आधार पर जिला में सभी सरकारी स्कूलों को 30 मई से 4 जून तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है।  उन्होंने बताया कि उच्चतर शिक्षा उपनिदेशक और प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक को गैर सरकारी स्कूलों में भी यह आदेश लागू करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
 

वहीं  भीषण गर्मी के चलते बिलासपुर  जिले में गुरुवार और शुक्रवार को सभी सरकारी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक के आदेशों के बाद शिक्षा विभाग की ओर से छुट्टी के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सोलन जिले के सभी ग्रीष्मकालीन अवकाश वाले स्कूल 30 मई से 4 जून तक बंद रहेंगे। इस संबंध में डीसी सोलन मनमोहन शर्मा की ओर से आदेश जारी किए गए हैं।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।