कांग्रेस का विरासत टैक्स औरंगजेब के जजिया टैक्स की तरह : सीएम योगी

कांग्रेस और भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेता प्रदेश में चुनाव प्रचार के लिए पहाड़ों का रुख कर रहे हैं।  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा को संबोधित करने के लिए कुल्लू पहुंचे, जहां सीएम योगी ने मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत के लिए वोट मांगें। योगी ने कहा कि एक तरफ भाजपा है, सुरक्षा, सम्मान, विकास व गरीब कल्याण है, विरासत व विकास का उच्च संगम मोदी के नेतृत्व में देखने को मिल रहा है।
 | 
photo yogi

कुल्लू । हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार का आज अंतिम दिन है। कांग्रेस और भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेता प्रदेश में चुनाव प्रचार के लिए पहाड़ों का रुख कर रहे हैं।  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा को संबोधित करने के लिए कुल्लू पहुंचे, जहां सीएम योगी ने मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत के लिए वोट मांगें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुल्लू के रथ मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस व इंडिया गठबंधन पर  जमकर निशाना साधा। योगी ने कहा कि एक तरफ भाजपा है, सुरक्षा, सम्मान, विकास व गरीब कल्याण है, विरासत व विकास का उच्च संगम मोदी के नेतृत्व में देखने को मिल रहा है। दूसरी तरफ कांग्रेस के नेतृत्व में इंडी गठबंधन जो भानुमति का पिटारा है। कांग्रेस का घोषणा पत्र मुस्लिम लीग का घोषणापत्र लगता है।

योगी ने कहा कि भारत बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के द्वारा बनाए गए संविधान से चलेगा, किसी शरिया कानून से भारत नहीं चलेगा। कांग्रेस की मंशा को पूरा नहीं होने दिया जाएगा। आज उत्तरप्रदेश में कोई माफिया नहीं बचा,  हर ओर खुशहाली है।  योगी ने कहा कि कांग्रेस संपत्ति का सर्वे करवाने की बात कह रही है। ये पैतृक संपत्ति पर विरासत टैक्स लगाएंगे और आपकी आधी संपत्ति ले लेंगे। इस संपित्त को किसी पाकिस्तानी, रोहिंग्या को दे देंगे। कहा कि औरंगजेब की आत्मा कांग्रेस में घुस गई है। औरंगजेब मुगलों का सबसे क्रूर शासक था। कोई शरीफ मुसलमान भी अपने बेटे का नाम औरंगजेब नहीं रखता। लेकिन स्वतंत्र भारत में किसी औरंगजेब को नहीं  बख्शना है। यूपी में ऐसे लोगों पर सख्ती की जा रही है। यूपी में अब कोई माफिया नहीं। कांग्रेस अपने रास्ते से भटक चुकी है।

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीजेपी 400 पार का दावा कर रही है और कांग्रेस 400 सीटों पर चुनाव भी नहीं लड़ पा रही है। जनता कह रही है कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे। ये चुनाव राम भक्तों और राम द्रोहियों के बीच का चुनाव है। वो राम द्रोही हैं जो भारत की अस्मिता के खिलाफ है, जिन्होंने भारत का विकास रोका, जिन्होंने भारत को हर स्तर पर अपमानित करने का काम किया। राम भक्त वही जिसके लिए भारत का हित सर्वोपरि है। राम भक्त वही है जो अयोध्या में राम लला को विराजने के लिए पूरी जान लगा देता है। 1989 में हिमाचल के पालमपुर में ही राम मंदिर के लिए संकल्प लिया गया। आज 500 सालों का इंतजार खत्म हो चुका है और राम मंदिर का संकल्प पूरा हो चुका है। अयोध्या में राम लाल ने पहली बार होली भी खेली और अपना जन्मोत्सव भी मनाया।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कुल्लू की जनता को अयोध्या आने का न्योता दिया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कुल्लू में भगवान रघुनाथ का दशहरा उत्सव मनाया जाता है। अब आप अयोध्या आएंगे तो भगवान राम के वक्त की अयोध्या देखने को मिलेगी। राम लला का मंदिर बन चुका है। अब हम मथुरा का रुख करने वाले हैं। भारत की अस्मिता के लिए जो कदम उठाना होगा उसे उठाने में बिल्कुल संकोच नहीं करेंगे। आज एक भारत श्रेष्ठ भारत है। दुनिया में भारत का मान बढ़ा है, देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। आतंकवाद और नक्सलवाद खत्म हुआ है। कांग्रेस राज में देशभर में आतंकी घटनाएं होती थी। कांग्रेस कहती थी कि आतंकवादी तो सीमा पार के हैं। आज अगर कहीं पटाखा भी फूटता है तो पाकिस्तान से सफाई आती है कि ये हमने नहीं किया है। ये नया भारत है जो छेड़ता नहीं है, लेकिन कोई छेड़े तो छोड़ता भी नहीं है। भारत में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज मिल रहा है और पाकिस्तान में 23 करोड़ की आबादी है। वहां लोग भूखे मर रहे हैं। जो पाकिस्तान का राग अलाप रहे हैं, वो पाकिस्तान चले जाएं तो उन्हें भीख भी नहीं मिलेगी।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कुल्लू में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र ऐसा लगता है कि मुस्लिम लीग का घोषणा पत्र है। कांग्रेस को वोट देना मतलब मुस्लिम लीग को वोट देना है। उनका घोषणा पत्र कहता है कि पर्सनल लॉ लागू करेंगे, जिसका मतलब है तालिबानी शासन। यानी बेटियां स्कूल नहीं जा पाएंगी, महिला बाजार और दफ्तर नहीं जा पाएंगी और महिलाएं बुर्के में रहेंगी, लेकिन बीजेपी कहती है कि भारत भीमराव अंबेडकर के संविधान से चलेगा। हम कांग्रेस के मंसूबे पूरे नहीं होने देंगे।

photo

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कुल्लू जनसभा में कांग्रेस पर तीखा हमला किया और कहा कि राहुल गांधी के मुताबिक कांग्रेस गरीबी हटाएगी। पत्रकार पूछते हैं कि यही नारा इंदिरा गांधी ने दिया था तो राहुल गांधी ने कहा कि मेरी दादी ने नारा दिया था और हम इसे पूरा करेंगे और इसके लिए विरासत टैक्स लगाएंगे। कांग्रेस की सरकार बनी तो आपकी संपत्ति पर विरासत टैक्स लगा देंगे। आपकी संपत्ति का आधा हिस्सा लेकर किसी बांग्लादेशी, रोहिंग्या या पाकिस्तानी को दे देंगे। अगर आपका 4 कमरों का घर होगा तो दो कमरों में आप रहेंगे और दो कमरे किसी और को दे देंगे। कांग्रेस का ये विरासत टैक्स औरंगजेब के जजिया टैक्स की तरह है। औरंगजेब की आत्मा कांग्रेस के अंदर घुस चुकी है। औरंगजेब ने काशी में भगवान शिव का मंदिर तोड़ा और मथुरा में कृष्ण की भूमि पर मस्जिद का निर्माण किया, इसलिए हम यूपी में बहुत सख्ती से इनसे निपटते हैं।

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कंगना रनौत के लिए वोट मांगते हुए कहा कि पास कला भी है और क्षमता भी है। कंगना के पास काम करने का जज्बा भी है और आगे बढ़ने का सामर्थ्य भी है। कंगना ने इस पहाड़ से निकलकर अपने दम पर सिनेमा जगत में अपना स्थान बनाया है। कंगना ने जयललिता का किरदार फिल्मी पर्दे पर बखूबी निभाया। अब वो बीजेपी की प्रत्याशी हैं तो जनता उन्हें सांसद बनाकर दिल्ली भेजें। बीजेपी के 400 पार में मंडी समेत हिमाचल की चारों सीटें आएंगी।


राम भक्त के लिए भारत का हित सर्वोपरि : योगी


 बिजली महादेव और माता हिडिंबा के जयकारे से संबोधन की शुरुआत करते हुए  योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हिमाचल देवभूमि और वीरभूमि है। योगी ने कहा कि कंगना ने उद्धव ठाकरे की सरकार को पानी पिलाया। कंगना में मीरा की भक्ति है, रानी पद्मावती जैसा तेज़ है और रानी लक्ष्मी बाई जैसा शौर्य है। योगी ने कहा कि अब पूरा चुनाव रामद्रोही व राम भक्तों के बीच सिमट गया है। रामद्रोही वही, जो आतंकवाद और नक्सलवाद का समर्थन करते हैं, भारत के अस्तित्व व अस्मिता पर सवाल खड़े करते हैं, जिन्होंने भारत के विकास को बाधित किया और गरीबों के हितों पर डकैती डाली, भारत को हर स्तर पर अपमानित करने का काम किया। राम भक्त वही, जिसके लिए भारत का हित सर्वोपरि है, जो भारत को पहचानता है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में बदलते हुए भारत को देखा है। दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। हिमाचल का नौजवान देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए पूरी मजबूती के साथ खड़ा है। कहा कि जब कांग्रेस की सरकार होती थी तो जम्मू-कश्मीर से लेकर दिल्ली, मुंबई, लखनऊ में बम ब्लास्ट होते थे। लेकिन अब कोई घटना नहीं है। अब नया भारत है। नया भारत छेड़ता नहीं है और अगर कोई छेड़ता है तो छोड़ता भी नहीं है। एक तरफ भारत में 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन दिया जा रहा है, दूसरी तरफ पाकिस्तान की 23 करोड़ की आबादी भूख से मर रही है। स्वास्थ्य के लिए पांच लाख मिल रहे हैं। हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है, जहां सब घरों में गैस सिलिंडर की सुविधा है। इस दाैरान मंडी संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी कंगना रणाैत, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित अन्य भाजपा नेता माैजूद रहे।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।