हिमाचल में सड़क दुर्घटनाओं में 6.48% की गिरावट, हादसों में मरने वालों की संख्या भी घटी

वर्ष 2024 में हिमाचल प्रदेश में कुल 2107 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जबकि वर्ष 2023 में 2253 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई थीं। इस प्रकार, दुर्घटनाओं में 6.48 प्रतिशत की कमी आई है।
 | 
Accident photo

शिमला। हिमाचल प्रदेश में 2024 के दौरान सड़क दुर्घटनाओं और मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आई है। यह राज्य सरकार के ठोस प्रयासों और नागरिकों के जागरूकता अभियानों का प्रतिफल है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस उपलब्धि को प्रदेश सरकार, कानून प्रवर्तन एजेंसियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया है।

वर्ष 2024 में हिमाचल प्रदेश में कुल 2107 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जबकि वर्ष 2023 में 2253 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई थीं। इस प्रकार, दुर्घटनाओं में 6.48 प्रतिशत की कमी आई है। यह आंकड़ा सड़क सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार की योजनाओं और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाता है।

सड़क दुर्घटनाओं के कारण होने वाली मृत्यु दर में भी गिरावट आई है। वर्ष 2023 में सड़क दुर्घटनाओं में 892 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 2024 में यह आंकड़ा घटकर 806 हो गया। यह 9.63 प्रतिशत की कमी को दर्शाता है, जो राज्य में सड़क सुरक्षा के प्रति उठाए गए कदमों की प्रभावशीलता को उजागर करता है।

घायलों की संख्या में भी कमी

वर्ष 2023 में 3449 लोग सड़क दुर्घटनाओं में घायल हुए थे, जबकि वर्ष 2024 में यह आंकड़ा घटकर 3290 हो गया। यह 4.61 प्रतिशत की गिरावट है, जो दर्शाता है कि सड़क सुरक्षा के उपायों का असर दुर्घटनाओं में घायल होने वालों की संख्या पर भी पड़ा है।

क्या बोले हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस अवसर पर कहा, “यह सफलता प्रदेश सरकार, पुलिस विभाग, और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार ने नागरिकों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई सकारात्मक पहल की हैं। हमारे द्वारा शुरू किए गए जागरूकता अभियानों और सुधारात्मक उपायों के परिणामस्वरूप, सड़क दुर्घटनाओं और उनके कारण होने वाली मौतों में गिरावट आई है।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने जिम्मेदार वाहन चालकों के लिए जागरूकता अभियान चलाए, सड़कों के बुनियादी ढांचे को सुधारने पर ध्यान दिया और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को सुनिश्चित किया। इसके साथ ही, समय पर चिकित्सा सहायता देने के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को भी सुदृढ़ किया गया है।

राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश की स्थिति

राष्ट्रीय स्तर पर, 2023 में भारत में सड़क दुर्घटनाओं और मृत्युदर में वृद्धि देखने को मिली थी। इस दौरान लगभग 1.73 लाख लोगों की मौत हुई और 4.63 लाख लोग घायल हुए। जबकि हिमाचल प्रदेश में राज्य सरकार के प्रयासों से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई है, जो अन्य राज्यों के मुकाबले एक सकारात्मक उदाहरण बनता है।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, तेज गति से वाहन न चलाएं और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ सहयोग करें। उन्होंने कहा, “जन भागीदारी सड़क सुरक्षा के मिशन में महत्वपूर्ण है। हम राज्य में सड़क सुरक्षा को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे। राज्य सरकार नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और इसके लिए हर संभव प्रयास करेगी।” 

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।