हिमाचल में 20 हजार करोड़ से बनाई जा रहीं सुरंगें, 28 रोपवे भी बनेंगे : नितिन गडकरी

नितिन गडकरी ने कहा कि 60 साल कांग्रेस को भारत की जनता ने सरकार चलाने का माैका दिया। गरीबी हटाओ का नारा दिया, लेकिन गरीबी दूर नहीं हुई। गडकरी ने कहा कि हिमाचल में सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र पर्यटन है। पहाड़ी क्षेत्र में सड़कें बनाना कठिन है। हिमाचल प्रदेश में 20 हजार करोड़ से टनल बनाई जा रही हैं।
 | 
photo

शिमला ।    केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के टक्का में भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। नितिन गडकरी ने कहा कि 60 साल कांग्रेस को भारत की जनता ने सरकार चलाने का माैका दिया। गरीबी हटाओ का नारा दिया, लेकिन गरीबी दूर नहीं हुई।  गडकरी ने कहा कि मुझे याद आता है कि वर्ष 1995-2000 में वह महाराष्ट्र में मंत्री थे, तब अटल बिहारी वाजपेयी ने उन्हें दिल्ली बुलाया और आदेश दिया कि आप ने शहर में तो काम किया है पर गांव को जोड़ने वाली योजना तैयार कीजिए। मेरी अध्यक्षता में एक कमेटी तैयार हुई और तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को 15 दिन में रिपोर्ट साैंपी। इस योजना का नाम प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना था। 

गडकरी ने कहा कि गांवों को मजबूत सड़कों से जोड़ने का काम भारत के इतिहास में किसी ने किया तो वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी थे। साढ़े छह लाख गांवों में से साढ़े चार लाख में मजबूत सड़कें बनीं। गडकरी ने कहा कि लठियाणी में 900 करोड़ का पुल चुनाव समाप्त होते ही पूरा होगा। लेह तक आठ टनल बना रहे हैं। गडकरी ने कहा कि हिमाचल में सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र पर्यटन है। पहाड़ी क्षेत्र में सड़कें बनाना कठिन है। हिमाचल प्रदेश में 20 हजार करोड़ से टनल बनाई जा रही हैं। अब अटल टनल बनने से आठ घंटे लगते हैं। एशिया की सबसे बड़ी जोजिला टनल सिर्फ पांच हजार करोड़ में बनाई जा रही है।  उन्होंने कहा कि हिमाचल में 16 हजार करोड़ से 28 रोपवे बनाए जा रहे हैं। बिजली महादेव रोपवे को मंजूरी दे दी है। चुनाव के बाद इसका काम शुरू होगा।  कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जो 60 साल में नहीं किया, भाजपा सरकार ने 10 साल में कर दिखाया।

कांग्रेस ने जो सपने दिखाए थे, वो सपने ही रह गए : गडकरी


  केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी  ने कुल्लू के आनी में आयोजित जनसभा में कहा कि आजादी के बाद देश  के 75 साल के इतिहास में 60 साल शासन करने का अवसर कांग्रेस को मिला। कांग्रेस की सरकार ने गरीबी हटाने का नारा दिया था लेकिन नहीं हटी। जो सपने दिखाए थे, वो सपने ही रह गए। जो जनता के साथ विश्वासघात करता है, उसे जनता उखाड़कर फेंक देती है, यही राजनीति का इतिहास है। गडकरी ने कहा कि हिमाचल में 2014 से 24 तक जितना काम हमने किया, उतना कांग्रेस ने 60 साल में नहीं किया।



उन्होंने कहा कि हिमाचल में सबसे बड़ी समस्या सड़क की है। 1 हजार करोड़ रुपये की तीन किलोमीटर लंबी जलोड़ी टनल बनाने का निर्णय लिया है। डीपीआर मिलने के बाद इसका काम जल्द शुरू होगा। कुल्लू-जोगिंद्रनगर को जोड़ने के लिए टनल बनाई जाएगी।। किरतपुर-नेरचौक फोरलेन प्रोजेक्ट में बाईपास भी जून में तैयार हो जाएगा। प्रदेश में एक लाख करोड़ की सड़क परियोजनाओं का निर्माण कर रहे हैं। 

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।