Himachal Assembly Election 2022 : देश के प्रथम मतदाता श्याम सरन नेगी ने पहली बार घर से किया मतदान

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी किन्नौर आबिद हुसैन सादिक, निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम कल्पा डा. शशांक गुप्ता सहित पोलिंग पार्टी के सदस्य भी उनके घर पर मौजूद थे।
 | 
Himachal Assembly Election 2022 : देश के प्रथम मतदाता श्याम सरन नेगी ने पहली बार घर से किया मतदान

किन्नौर। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव को मात्र 9 दिन शेष बचे हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दल जोर-शोर से चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। इन सब के बीच ये खबर सामने आ रही है कि सूबे के विधानसभा चुनाव के लिए देश के प्रथम मतदाता 106 वर्षीय श्याम सरण नेगी ने बुधवार को कल्पा स्थित अपने घर से डाक मतदान के द्वारा वोट किया। 

 

यह भी पढ़ें ः किन्नौर में भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 25, रेस्क्यू जारी

तबीयत खराब होने की वजह से घर से दिया वोट

इस अवसर पर उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी किन्नौर आबिद हुसैन सादिक, निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम कल्पा डा. शशांक गुप्ता सहित पोलिंग पार्टी के सदस्य भी उनके घर पर मौजूद थे। बता दें कि 80 वर्ष से अधिक के पात्र लोगों, दिव्यांगों को भी ये सुविधा प्रदान की गई है। चुनावी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी भी डाक से मतदान कर सकेंगे। श्‍याम सरन नेगी को चुनाव आयोग ने इस साल का भी ब्रांड एंबेसडर बनाया है।

2014 में हुए आम चुनाव के दौरान भी उन्हें ब्रांड एंबेसडर बनाया गया था। आपको बता दें कि श्याम सरन नेगी हर बार पोलिंग बूथ पर आकर ही मतदान करते हैं। परंतु इस बार उनकी तबीयत खराब होने के कारण घर से ही उन्होंने मतदान किया. जिसके लिए उन्होंने 12डी फार्म भरा। इसके बाद प्रशासन ने इनके घर पर आकर मतदान करवाया।

 

यह भी पढ़ें ः किन्‍नौर में 400 फीट गहरी खाई में गिरी कार, पिता-पुत्री की मौत

नेगी बोले, सभी को डालना चाहिए वोट

इस अवसर पर नेगी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए वोट डालना चाहिए। हमें अपने मताधिकार पर गर्व महसूस करना चाहिए, क्योंकि यह राष्ट्र का नेतृत्व करने के लिए एक सही आदमी को चुनने का सुनहरा अवसर होता है। उन्होंने घर पर वोट डालने की सुविधा देने के लिए प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया। 

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि उन्हें उनके घर के प्रांगण में बने डाक बूथ तक लाने के लिए रेड कार्पेट बिछाया गया था। इसके साथ ही प्रशासन नेकिन्नौरी वाद्ययंत्रों की व्यवस्था भी कर रखी थी। इन धुनों को बजाते हुए उनका स्वागत किया गया।

 

यह भी पढ़ें ः किन्नौर में फिर दरका पहाड़; HRTC बस पर गिरे पत्थर, छह जख्मी

इस तरह बने देश के पहले मतदाता

बता दें कि देश आजाद होने के बाद वर्ष 1952 में देश में पहली बार लोकसभा चुनाव का आयोजन किया गया था। लेकिन किन्‍नौर में भारी हिमपात के कारण पांच महीने पहले सितंबर 1951 में मतदान हो गया था। आपको बता दें कि श्‍याम सरन नेगी सेवानिवृत्‍त अध्‍यापक हैं। चुनाव के दौरान वह जिला किन्‍नौर के मूरंग स्‍कूल में तैनात थे। इस दौरान उनकी ड्यूटी चुनाव में भी लगी थी। वह आजाद भारत में पहली बार मतदान के लिए काफी उत्‍साहित थे।

चुनाव के लिए उनकी ड्यूटी किन्‍नौर के ही शौंगठोंग से मूरंग तक थी। उनका वोट कल्‍पा में था। उन्‍होंने निर्वाचन अधिकारी से सुबह वोट डालने के बाद ड्यूटी पर जाने की इजाजत मांगी। वह सुबह मतदान स्‍थल पर पहुंच गए। उन्‍होंने जल्‍दी मतदान करवाने का आग्रह किया। जिस पर पोलिंग अधिकारी ने रजिस्‍टर खोलकर उन्‍हें पर्ची दे दी। नेगी ने सुबह सवा छह बजे मतदान किया। इस तरह मतदान करते ही वह देश के पहले मतदाता बन गए।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।