विपिन परमार ने लिया तपोवन विधानसभा परिसर में सुरक्षा प्रबंधों का जायजा
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश की शीतकालीन राजधानी धर्मशाला के तपोवन स्थित विधानसभा परिसर में खालिस्तानी झंडे लगाए जाने की घटना के बाद सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने परिसर का दौरा किया। विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने विधानसभा परिसर में सुरक्षा के इंतजामों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को विधानसभा परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।
विधानसभा अध्यक्ष ने पुलिस अधीक्षक तथा उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल के साथ विधानसभा में पिछले दिन की घटना को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने घटना में संलिप्त लोगों को पहचान कर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश भी दिए। परमार ने कहा कि हिमाचल को देवभूमि तथा शांतिप्रिय राज्य के रूप में पूरे देशभर में जाना जाता है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता के बीच आपसी सौहार्द तथा भाईचारा कायम है और अगर इस भाईचारे और शांति को नुक्सान पहुंचाने की कोशिशें कभी भी कामयाब नहीं हो सकती हैं। उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल तथा पुलिस अधीक्षक खुशाल शर्मा ने विधानसभा अध्यक्ष को घटना की जांच को लेकर अब तक की अपडेट की जानकारी दी तथा विधानसभा परिसर के सुरक्षा प्लान के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।