आयुर्वेद डॉक्टरों के 200, फार्मासिस्टों के 100 पदों को भरने की मंजूरी, जानें हिमाचल कैबिनेट के बड़े फैसले

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में सोमवार को प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक हुई। बैठक में कैबिनेट ने कई अहम और महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं।
 | 
 Himachal Cabinet Meeting

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में सोमवार को प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक हुई। बैठक में कैबिनेट ने कई अहम और महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। कैबिनेट ने आयुर्वेद डॉक्टरों के 200 और फार्मासिस्ट के 100 पदों को भरने की मंजूरी दे दी है। डॉक्टरों 100 पद सीधी भर्ती और 100 बैचवाइज आधार पर भरे जाएंगे। फार्मासिस्टों के 52 पद सीधी भर्ती और 48 पद बैच वाइज भरे जाएंगे। इसके साथ ही कांगड़ा के खुडियां में बीडीओ कार्यालय खोलने का फैसला लिया। इसके लिए 14 पदों के सृजन व भरने  की मंजूरी दी। इस कार्यालय के तहत क्षेत्र की 20 पंचायतें आएंगी। वहीं कई स्कूलों को भी अपग्रेड करने का भी निर्णय लिया गया है।

प्रदेश में नए पशु औषधालय खोलने की मंजूरी

कैबिनेट ने नए पशु औषधालय खोलने व अपग्रेड करने की भीमंजूरी दी। इसके अलावा नए आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की भी मंजूरी दी। अनुबंध, दैनिकभोगी वर्करों के नियमितिकरण को लेकर मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने शास्त्री अध्यापकों को टीजीटी(संस्कृत) पदनाम देने की मंजूरी दी। कई स्कूलों को अपग्रेड करने का भी फैसला लिया गया है। इसके लिए विभिन्न श्रेणियों के पदों को भी भरने की मंजूरी दी। सिरमौर के नौहराधार में सरकारी डिग्री कॉलेज खोला जाएगा। इसके लिए 18 पद स्वीकृत किए गए हैं। 

शिमला और मंडी में कॉलेजों का बंटवारा

मंत्रिमंडल ने हाल ही में खोले गए सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के क्षेत्राधिकार के निर्धारण को अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। मंडी, कांगड़ा, चम्बा, लाहौल-स्पिति और कुल्लू जिले के 137 महाविद्यालय सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के अन्तर्गत, जबकि शिमला, सिरमौर, सोलन, किन्नौर, बिलासपुर, हमीरपुर और ऊना जिलों के 165 महाविद्यालय हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के अंतर्गत आएंगे।

नए स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मंजूरी 

कैबिनेट ने शिक्षा खंड औट के ग्राम रैहान में नया प्राथमिक विद्यालय खोलने को स्वीकृति प्रदान की। बैठक में सिरमौर जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर भरतपुर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड करने के साथ ही इसकि लिए विभिन्न श्रेणियों के पांच पदों के सृजन और भरने को भी अपनी मंजूरी दी। बैठक में लाहौल-स्पीति जिले के केमो में स्वास्थ्य उप केंद्र और बिलासपुर जिले के जबालियां में स्वास्थ्य उप केंद्र खोलने का भी निर्णय लिया गया।  सिरमौर जिले में पशु औषधालय चाड़ना को पशु चिकित्सालय में स्तरोन्नत करने के साथ विभिन्न श्रेणियों के तीन पदों के सृजन की स्वीकृति प्रदान की। इससे क्षेत्र की पांच से अधिक पंचायतों के लोगों को लाभ होगा। बैठक में कुल्लू जिले के हरिपुर पशु औषधालय को पशु चिकित्सालय में अपग्रेड करने के साथ इसके लिए तीन पदों के सृजन का निर्णय लिया गया। इससे क्षेत्र की आठ पंचायतों को लाभ होगा। 

इन विभागों में भरे जाएंगे पद

कैबिनेट ने पंचायती राज विभाग के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 32 पदों को भरने का निर्णय लिया है।  राज्य निर्वाचन आयोग में हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से अनुबंध पर कनिष्ठ कार्यालय सहायक (आईटी) के छह पदों को भरने के लिए भी अपनी स्वीकृति दी। ग्रामीण विकास में विभिन्न श्रेणियों के 25 पदों को भरने को स्वीकृति प्रदान की। कैबिनेट ने क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए मंडी जिले के धर्मपुर में श्रम विभाग कार्यालय व उप रोजगार कार्यालय खोलने को भी मंजूरी दी। 

औद्योगिक इकाइयों को विद्युत शुल्क में रियायत

उद्यमियों को उद्योग हितैषी वातावरण प्रदान करने के लिए कैबिनेट ने राज्य की बड़ी औद्योगिक इकाइयों को विद्युत शुल्क में रियायत देने का निर्णय लिया है।  इसके अतिरिक्त अनुबंध आधार नियुक्त कर्मचारियों, दिहाड़ीदारों/आकस्मिक वेतनभोगी कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करने और अंशकालिक कामगारों की सेवाओं को दिहाड़ीदारों में बदलने के लिए मौजूदा कट ऑफ तारीख 31 मार्च 2022 और 30 सितंबर 2022 को बढ़ाने/तय करने के लिए कार्योत्तर मंजूरी दी।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।