हिमाचल: विधानसभा के बाहर खालिस्तानी झंडे लगाने के मामले में एक गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश की शीतकालीन राजधानी धर्मशाला के तपोवन स्थित विधानसभा परिसर के गेट पर खालिस्तानी झंडे लगाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
 | 
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर (CM Jairam Thakur) ने कहा कि हम अपनी ओर से और अच्छा प्रयास करेंगे। हम भाजपा को एक बार फिर से राज्य की सत्ता में वापस लाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

हिमाचल प्रदेश की शीतकालीन राजधानी धर्मशाला के तपोवन स्थित विधानसभा परिसर के गेट पर खालिस्तानी झंडे लगाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि इस घटना को अंजाम देने में दो आरोपी शामिल हैं। एक आरोपी को आज (बुधवार) सुबह पुलिस ने गिरफ्तार किया है।


मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि खालिस्तानी झंडे लगाने के मामले के दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पंजाब पुलिस मुख्यालय पर हुए हमले पर कहा कि यह चिंता का विषय है। हिमाचल में सुरक्षा व्यवस्था तंत्र को सर्तक रहने के आदेश जारी किए गए हैं। प्रदेश भर में सीमावर्ती क्षेत्रों में भी पुलिस को चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।   

पंजाब के रोपड़ जिला के हुई पहली गिरफ्तारी

बताया जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश पुलिस ने पंजाब से एक गिरफ्तारी की है। इस मामले की जांच करने के लिए गठित की गई विशेष जांच टीम ने पंजाब में छापे मारे थे। पंजाब के रोपड़ जिले के मोरिंडा से हरबीर सिंह नाम का एक युवक गिरफ्तार हुआ है। वहीं, पुलिस दूसरे युवक को पकड़ने के लिए चमकौर साहिब में उसके घर पहुंची, लेकिन वो फरार होने में सफल रहा। 

विस परिसर के गेट से बंधे थे खालिस्तानी झंडे

बता दें कि 8 मई की सुबह धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश के विधानसभा परिसर से कुछ तस्वीरें सामने आई थीं, जिसमें देखा जा सकता था कि परिसर के मेन गेट पर जहां खालिस्तानी झंडे बंधे हुए थे, वहीं, बाहर की ओर से दीवारों पर खालिस्तान लिखा हुए था। इस घटना से हड़कंप मच गया था। पुलिस ने झंडों को हटाकर दीवारों पर तुरंत पुताई कराई गई थी। वहीं, प्रारंभिक जांच के बाद एसआईटी गठित की गई थी।

पन्नू के खिलाफ यूएपीए के तहत मामला दर्ज

26 अप्रैल को जारी एक खुफिया अलर्ट में दावा किया गया था कि सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र जारी कर कहा था कि शिमला में भिंडरावाला और खालिस्तान का झंडा फहराया जाएगा। इसके बाद पुलिस ने रविवार को ही गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ गैर-कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया था।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।