देवदूत बनी मंडी पुलिस, रात से ब्यास में फंसे चंडीगढ़ के अमन की ऐसे बचाई जान

अमन पुत्र परमजीत चंडीगढ़ का रहने वाला है और रात के अंधेरे में मंडी शहर में ब्यास और सुकेती नदियों के संगम स्थल पर स्थित एक बड़ी चट्टान पर फंस गया था।
 | 
हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में पुलिस ने एक युवक की जान बचाकर देवदूत की भूमिका निभाई है। यह युवक, जिसका नाम अमन पुत्र परमजीत है और जो चंडीगढ़ का रहने वाला है, रात के अंधेरे में मंडी शहर में ब्यास और सुकेती नदियों के संगम स्थल पर स्थित एक बड़ी चट्टान पर फंस गया था।

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में पुलिस ने एक युवक की जान बचाकर देवदूत की भूमिका निभाई है। यह युवक, जिसका नाम अमन पुत्र परमजीत है और जो चंडीगढ़ का रहने वाला है, रात के अंधेरे में मंडी शहर में ब्यास और सुकेती नदियों के संगम स्थल पर स्थित एक बड़ी चट्टान पर फंस गया था।

रातभर वह चट्टान पर फंसा रहा और जब सुबह स्थानीय लोगों ने उसे देखा, तो उन्होंने तुरंत सीटी पुलिस चौकी मंडी को सूचित किया। पुलिस टीम ने रेस्क्यू टीम के साथ मिलकर मौके पर पहुंचकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवक ने बताया कि वह कुछ समय से मंडी में अपने किसी दोस्त के पास काम के सिलसिले में रह रहा था।

सीटी पुलिस चौकी मंडी के प्रभारी सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि युवक ने अभी तक उसका प्रॉपर एड्रेस नहीं बताया है और इस बात की जांच की जा रही है। इसके बाद उसके परिजनों को सूचित कर दिया जाएगा। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, यह युवक रातभर शहर में घूमता रहता था और जहां ठीक लगे, वहीं रात को रुक जाता था। पुलिस सभी तथ्यों की पुष्टि कर रही है।

इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन की चेतावनी को गंभीरता से लेने की आवश्यकता पर जोर दिया है। बरसात के मौसम में नदियों का जलस्तर कभी भी बढ़ सकता है और ऐसे में नदी-नालों से दूर रहना ही समझदारी है। जिला प्रशासन ने बार-बार चेतावनी दी है कि लोग नदी-नालों से दूर रहें, लेकिन कुछ लोग इन चेतावनियों को अनदेखा करके अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।

सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने यह भी बताया कि यदि आपके पास कोई बाहरी व्यक्ति रह रहा है तो उसकी पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाएं। इससे पुलिस के पास संबंधित व्यक्ति की पूरी जानकारी रहती है और किसी भी स्थिति में उसके घरवालों या परिजनों से संपर्क किया जा सकता है।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।