Himachal News : हिमाचल से मानसून की रवानगी की तैयारी, 451 लोगों की गई जान
शिमला। भारी तबाही के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून अब हिमाचल प्रदेश से विदा होने की तैयारी कर चुका है। माैसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी की परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं। इससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इस बार मानसून के दौरान 50 से अधिक जगहों पर बादल फटे और कई जगह भूस्खलन से भारी जानमाल का नुकसान हुआ।
प्रदेश में 21 जून से 22 सितंबर तक 451 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 497 लोग घायल हुए हैं और 47 अब भी लापता हैं। इनमें से 189 मौतें सड़क हादसों में हुईं। अब तक 4,86,116.02 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान दर्ज किया गया है। राज्य में 665 पक्के और 1,046 कच्चे मकान पूरी तरह ढह गए, जबकि 2,344 पक्के और 5,052 कच्चे मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। 495 दुकानें व 7,265 गोशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके अलावा 2,511 मवेशियों की मौत भी दर्ज हुई।
अक्तूबर में विदा होता रहा, इस बार जल्दी
आमतौर पर मानसून हिमाचल में अक्तूबर की शुरुआत तक सक्रिय रहता है, लेकिन इस बार यह सितंबर के अंतिम सप्ताह में ही रवानगी की ओर है। वर्ष 2020 में मानसून 30 सितंबर, 2021 में 10 अक्तूबर, 2022 में 3 अक्तूबर और 2023 में 6 अक्तूबर को विदा हुआ था। इस बार मानसून का प्रवेश 21 से 23 जून के बीच हुआ था।
बारिश का छह साल का रिकार्ड
पिछले छह वर्षों में केवल 2023 और 2025 में औसत से अधिक बारिश हुई है। 2020 में 25.7 फीसदी, 2021 में 9.8 फीसदी, 2022 में 2.5 फीसदी और 2024 में 18 फीसदी कम वर्षा हुई थी। वहीं 2023 में 21 फीसदी और इस साल औसत से 45 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई। इस सीजन में अब तक 708 मिमी वर्षा हो चुकी है।
मौसम रहेगा साफ, सड़कें अभी भी बंद
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 28 सितंबर तक राज्य में मौसम साफ रहने की संभावना है। 24 और 25 सितंबर को कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। अगले 3-4 दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री तक गिरावट का अनुमान है।
वहीं प्रदेश में अभी भी 354 सड़कें बंद पड़ी हैं। इनमें कुल्लू में 106, मंडी में 120 और कांगड़ा में 40 सड़कें शामिल हैं। 68 बिजली ट्रांसफार्मर और 100 जल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित चल रही हैं।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।