नयना देवी में अवैध खैर कटान में दो हफ्ते बाद दायर होगी चार्जशीट, वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों समेत 70 को बनाया आरोपी

श्रीनयना देवी  वन रेंज में फरवरी 2018 में हुए खैर के अवैध कटान के मामले में दो सप्ताह बाद चार्जशीट दायर होगी। वन विभाग के 15 अधिकारियों और कर्मचारियों समेत 70 लोगों को इसमें अभी तक आरोपी बनाया गया है। विजिलेंस फाइल तैयार कर रही है। 
 | 
चार्जशीट

बिलासपुर ।  श्री नयना देवी जी वन रेंज में फरवरी 2018 में हुए खैर के अवैध कटान के मामले में दो सप्ताह बाद चार्जशीट दायर होगी। वन विभाग के 15 अधिकारियों और कर्मचारियों समेत 70 लोगों को इसमें अभी तक आरोपी बनाया गया है। विजिलेंस फाइल तैयार कर रही है। इसमें और कई आरोपी शामिल हो सकते हैं।

बता दें कि वन रेंज की पांच बीट सलोआ, भाखड़ा, बड़ोह, कोट और बस्सी में करीब 18,000 खैर के पेड़ों पर कुल्हाड़ी चली थी। विभाग ने इनकी कीमत करीब 35 करोड़ आंकी है। 25 फरवरी, 2018 को अमर उजाला ने मामले का खुलासा किया था। मामले में प्रधानमंत्री कार्यालय के हस्तक्षेप के चलते यह केस विजिलेंस को सौंपा गया था।

उसके बाद पहली बार विजिलेंस ने मामले में एफआईआर दर्ज की और कई चेकपोस्टों, वन कर्मचारियों के घरों के अलावा ठेकेदारों के यहां छापे मारकर साक्ष्य जुटाए थे। इस दौरान पूरे वन क्षेत्र की निशानदेही कर काटे गए पेड़ों को चिह्नित किया गया। जांच के दौरान पता चला था कि खैर के पेड़ों को काटने के बाद वन अधिकारियों की मदद से उनके मोछे कर दिल्ली, पंजाब और हरियाणा की कत्था फैक्टरियों में भी भेजा गया, जहां से विजिलेंस ने पूरा रिकॉर्ड तलब किया।

यह भी पढ़ेंः-     Himachal : विस चुनाव से पहले बड़ा सियासी घटनाक्रम, दो निर्दलीय विधायक भाजपा में हुए शामिल

डीएसपी विजिलेंस संजय ने बताया कि वन भूमि का क्षेत्र भी लंबा था, इसलिए निशानदेही में समय लगा। दस्तावेज और साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। फाइल तैयार है, इसमें अभी तक 70 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें 15 वन विभाग के कर्मचारी और अधिकारी भी हैं। जून के अंत तक चार्जशीट दायर कर दी जाएगी। आरोपियों में और नाम शामिल हो सकते हैं।

 

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।