Himachal Budget 2022: बजट से पहले सीएम ने पेश किया आर्थिक सर्वे, बढ़ेगी प्रति व्यक्ति आय, पढ़िए पूरी रिपोर्ट
हिमाचल प्रदेश में चार मार्च यानी कल वीरवार को वार्षिक बजट-2022-23 (Himachal Budget 2022) पेश किया जाएगा। इससे एक दिन पहले यानी आज वीरवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर (Cm Jairam Thakur) ने विधानसभा में आर्थिक सर्वेक्षण (Economic Survey-2021-22) पेश किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सर्वेक्षण के आधार पर कहा कि अगले वित्त वर्ष यानी वित्त वर्ष 2022-23 में हिमाचल की जीडीपी की विकास दर 8.3 फीसदी रहने का अनुमान है।
विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन जयराम ठाकुर ने सदन में कहा कि कोरोना काल (CoronaVirus) के दौरान सरकार ने विपरीत हालात में बेहतर काम किया है और अब हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था तेजी से पटरी पर लौट रही है। उन्होंने कहा कि 2020-21 में हिमाचल का राज्य सकल घरेलू उत्पाद एक लाख 56 हजार 675 करोड़ रुपये था और अब आगामी वित्त वर्ष में यह बढ़कर 1 लाख 75 हजार 173 करोड़ होने का अनुमान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2021-22 में आर्थिक विकास दर 8.5 फिसदी रहने की संभावना है, जबकि 2020-21 में यह माइनस 5.2 फीसदी थी। अहम बात यह है कि हिमाचल में प्रति व्यक्ति आय में भी इजाफा होगा। साल 2020-21 में सूबे मे प्रति व्यक्ति आय 1,83,333 रुपये थी, जो अब बढ़कर 2021-22 में 2,02,854 रुपये हो जाएगी। इसके अलावा, वर्ष 2021-22 के दौरान कृषि क्षेत्र में वृद्धि दर 8.7 प्रतिशत, विनिर्माण क्षेत्र में 11.3 प्रतिशत, निर्माण क्षेत्र में 13.3 प्रतिशत, व्यापार, होटल, रेस्तरां इत्यादि में 9.1 प्रतिशत की वृद्धि दर अनुमानित है।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

