Hamirpur : पाहलू पंचायत के छेक गांव में महिला की मौत पर हंगामा, पुलिस की मौजूदगी में स्थिति बनी तनावपूर्ण

हंगामा उस वक्त हुआ जब महिला के शव को छेक गांव में लाया गया। यहां पर मायके पक्ष के लोग पहुंच गए और ससुराल पक्ष वाले लोगों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
 | 
.
हमीरपुर।  आग से बुरी तरह झुलसी ग्राम पंचायत पाहलू के छेक गांव की महिला की मौत पर बुधवार को हंगामा हो गया है। यह हंगामा उस वक्त हुआ जब महिला के शव को छेक गांव में लाया गया। यहां पर मायके पक्ष के लोग पहुंच गए और ससुराल पक्ष वाले लोगों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। आक्रोशित भीड़ यह चाह रही थी कि आरोपियों को उनके हवाले किया जाए। मौके पर तनाव पूर्ण माहौल को बढ़ता देख एसडीएम बड़सर शशि पाल शर्मा और डीएसपी शेर सिंह मौके पर पहुँच गए हैं।
बताया  जा रहा है कि आक्रोशित भीड़ इस बात पर अड़ गई थी कि ससुराल पक्ष के आरोपियों को उनके हवाले किया जाए नहीं तो वह उनके आंगन में ही महिला का अंतिम संस्कार कर देंगे। वहीं पुलिस का दावा है कि अब स्थिति नियंत्रण में है। नियमानुसार मामले में कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के मुताबिक पुलिस बल भी मौके पर तैनात है और स्थिति पर काबू पाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है, हालांकि मायके पक्ष के लोग जिनमें अधिकतर महिलाएं हैं वह लगातार नारेबाजी कर रही हैं।
बताते चलें कि दीवाली के दिन इस गांव का एक दंपति आग से झुलस गया था। सैल्फ पर रखा पैट्रोल का कैन दीयों पर गिरने से दंपत्ति के कपड़ों में आग लग गई थी। जिसके बाद मंगलवार को उपचार के दौरान महिला ने पीजीआई में दम तोड़ दिया। सोशल मीडिया पर एक ऑडियो व वीडियो भी वायरल हो रहा है। हालांकि इसकी सत्यता पर संशय बना हुआ है। मृतका के पुलिस को दिए ब्यान व ऑडियो/वीडियो में हो रही बातों में दिन रात का अंतर है। वहीं अब मायके वालों की तरफ से ससुराल वालों पर महिला को जलाने के आरोप लगाए जा रहे हैं तथा पुलिस से इस मामले में कड़ी कार्यवाही करते हुए ससुराल पक्ष वाले लोगों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग उठाई जा रही है।
बता दें कि दीपावली के दिन घर की सफाई कर रहा दंपति आग से बुरी तरह झुलस गया था। घर की सफाई करते अचानक पैट्रोल का कैन सैल्फ से नीचे दीपकों पर जा गिरा था। इससे आग भड़क उठी और महिला को आग ने अपनी चपेट में ले लिया था। आग से झुलस रही महिला को बचाने के प्रयास में पति के कपड़ो ने भी आग पकड़ ली। बाद में मंगलवार को पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के दौरान इस महिला ने दम तोड़ दिया था। 
उधर डीएसपी बड़सर शेर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर है। भीड़ को शांत कर लिया गया है। स्थिति अब पूरी तरह से नियंत्रण में है। मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जा रही है।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।