Breaking News : सुखविंद्र सुक्खू होंगे हिमाचल के नए CM, मुकेश होंगे डिप्टी सीएम

विधानसभा परिसर शिमला में कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद सीएम पद के लिए सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नाम का एलान किया गया।
 | 
Himachal New CM : सुखविंदर सुक्खू होंगे हिमाचल के नए मुख्यमंत्री, विधायक दल की बैठक में हुआ एलान

शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं नादौन विधानसभा क्षेत्र से चौथी बार विधायक चुने गए सुखविंद्र सिंह सुक्खू प्रदेश के नए मुख्यमंत्री होंगे। शनिवार को विधानसभा परिसर शिमला में कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद सीएम पद के लिए सुक्खू के नाम का एलान किया गया। सुखविंद्र सुक्खू सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ समारोह के लिए तैयारियां शुरू हो गईं हैं। सुक्खू के गांव सेरा में जश्न का माहौल है। माता संसार देई, पत्नी कमलेश ठाकुर और दोनों बेटियां फूली नहीं समा रही हैं। 

यह भी पढ़ेंः-सुखविंद्र सुक्खू होंगे हिमाचल के 15वें मुख्यमंत्री, जानें आज तक का सफर

कांग्रेस विधायक दल की बैठक में जहां नादौन के विधायक सुखविंद्र सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री बनाने का एलान किया गया है, वहीं ऊना जिला के हरोली विधानसभा क्षेत्र से पांचवीं बार विधायक बने और भाजपा सरकार में नेता प्रतिपक्ष रहे मुकेश अग्निहोत्री को हिमाचल प्रदेश का उप मुख्यमंत्री बनाया गया है। सीएम पद के नाम का एलान होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सुक्खू ने कहा, ''मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश की जनता का शुक्रगुजार हूं। हमारी सरकार बदलाव लाएगी। हमने हिमाचल प्रदेश की जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है। राज्य के विकास के लिए हमें काम करना है।"



हर विधायक से अकेले-अकेले मुलाकात की
इससे पहले चुनाव पर्यवेक्षक व छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने राजधानी शिमला के चौड़ा मैदान स्थित सिसिल होटल में हर विधायक से अकेले-अकेले मुलाकात की। पांच बजे विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई। बैठक के बाद प्रदेश के नए मुख्यमंत्री  सुक्खू के नाम का एलान किया गया। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चुनाव पर्यवेक्षक भूपेश बघेल, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राजीव शुक्ला को विधायक दल की बैठक के बाद सीएम के नाम का एलान करने को कहा था। 



प्रतिभा समर्थक करते रहे नारेबाजी
हरोली से कांग्रेस विधायक मुकेश अग्निहोत्री विधायक दल की बैठक छोड़कर बाहर चले गए। चौड़ा मैदान स्थित सिसिल होटल के बाहर प्रतिभा सिंह के पक्ष में समर्थक जमकर नारेबाजी करते रहे। समर्थकों को रोकना पुलिस के लिए मुश्किल हो गया था। प्रतिभा समर्थक हाईकमान होश में आओ, हॉलीलॉज सातवीं बार के नारे लगाते रहे। समर्थकों ने आरोप लगाया कि पहले सोची समझी साजिश के तहत प्रतिभा सिंह को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाया। छह बार मुख्यमंत्री रहे दिवंगत वीरभद्र सिंह के नाम पर वोट लिए, अब अनदेखी की गई।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।