इंडिया का 'मिनी स्विट्जरलैंड', हनीमून ट्रिप भी कर सकते हैं प्लान
भारत में कम बजट में किफायती हिल स्टेशन और हनीमून ट्रिप जैसे जगह की बात करें तो घूमने फिरने यानी टूर एंड ट्रैवल (Tour & Travel) में दिलचस्पी रखने वाले लोग आपको मसूरी और ऊटी जैसे कई खूबसूरत जगहों के बारे में जानकारी देंगे। इसी सिलसिले में हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के चम्बा जिला में स्थित जगह खजियार (Khajjiar) का नाम भी आता है।
हिमाचल प्रदेश के जिला चम्बा में स्थित खज्जियार की वादियां भी दूर-दूर के सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित करती हैं। खज्जियार की गिनती दुनिया के 160 मिनी स्विट्जरलैंड में होती है। खज्जियार की मनमोहक वादियों में जाने के बाद वहीं रम जाने का दिल करता है।
अगर आपको भी विदेश घूमने का मजा लेना है तो आप हिमाचल प्रदेश में मौजूद खज्जियार का ट्रिप प्लान कर सकते हैं। यहां की खूबसूरती को देखते हुए इस जगह को 'मिनी स्विट्जरलैंड' कहा जाता है। देवदार के पेड़, झील का नीला पानी बेहद खूबसूरत लगता है। यहां पर मौसम अक्सर ठंडा रहता है।
खज्जियार झील के साथ ही 85 फीट ऊंची भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिमा को देखकर ऐसा लगता है मानो अभी मूर्ति बात करने लगेगी।
अगर आप हवा में रोमांच का आनंद लेना चाहते हैं तो पर्यटन स्थल खज्जियार में आप पैराग्लाइडिंग भी कर सकते हैं। खज्जियार के दड़ोता से लाहड़ा और लाहड़ा से द्रोल से उड़ानें होती हैं।
खज्जियार चम्बा और डलहौजी दोनों से सिर्फ आधे घंटे की दूरी पर है। यहां तक पहुंचने के लिए देसी सैलानियों में क्रेज बढ़ा है। यहां आने के लिए आप पठानकोट तक ट्रेन या फिर गगल तक फ्लाइट से भी आ सकते हैं। उसके बाद यहां टैक्सी से पहुंचा जा सकता है। खज्जियार जिला मुख्यालय चम्बा से करीब 22 किलोमीटर दूर है। डलहौजी से भी खज्जियार की दूरी 21.6 किलोमीटर है।