लोग स्वच्छता के प्रति होंगे जागरुक तो स्वयं ही स्वच्छ होगा पूरा देश

अनुराग ठाकुर ने कहा कि एक अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक हिमाचल के प्रत्येक गांव से 20-20 किलो प्लास्टिक कचरा इकट्ठा किया जाएगा

 | 
anurag thakur

हमीरपुर। केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि युवा मामले एवं खेल मंत्रालय ने एक अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक देशभर में लगभग 75 लाख किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्रित करने का लक्ष्य रखा है। प्रयागराज से इस अभियान का शुभारंभ किया है, जिसमें नेहरू युवा केंद्र, युवा संगठन, एनएसएस और अन्य संस्थाओं के अलावा आम लोगों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है। इस अभियान में हिमाचल के प्रत्येक गांव से 20-20 किलो प्लास्टिक कचरा इकट्ठा किया जाएगा। सुजानपुर में केंद्रीय मंत्री ने स्वच्छता कर्मचारियों को भी सम्मानित किया। 


शनिवार को सुजानपुर में दिशा फाउंडेशन, प्रयास संस्था, नगर परिषद और अन्य संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अनुराग ठाकुर ने यह जानकारी दी। महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि गांधी जयंती पर प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता अभियान से जुड़ने का संकल्प लेना चाहिए। अगर लोग स्वच्छता के प्रति जागरुक होंगे तो पूरा देश स्वयं ही स्वच्छ हो जाएगा। उन्होंने आम जन से आह्वान किया कि स्वच्छता के प्रति हमारी सोच बदलेगी तो हमारा समाज भी बदलेगा। केंद्रीय मंत्री ने पेयजल स्रोतों को भी स्वच्छ रखने का आग्रह किया।

anurag

केंद्रीय मंत्री ने प्रयास संस्था और दिशा फाउंडेशन के कार्यों की सराहना की। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रयास के माध्यम से आरंभ की गई सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा से अभी तक 6 लाख लोगों को घरद्वार पर चिकित्सा सुविधाएं दी जा चुकी हैं। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के बाहर भी इस स्वास्थ्य सेवा का विस्तार किया गया है। इसके लिए आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस 32 गाडिय़ां गांव-गांव जाकर लोगों के निशुल्क टैस्ट, चेकअप, दवाईयां और उपचार उपलब्ध करवा रही हैं। उन्होंने प्रयास संस्था के पदाधिकारियों से अन्य संस्थाओं को भी इससे जोड़ने का आह्वान किया। 


सुजानपुर में खेल गतिविधियों की बहुत अच्छी संभावनाएं
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि सुजानपुर में खेल गतिविधियों की बहुत अच्छी संभावनाएं हैं। अगर स्थानीय निवासी सर्वसम्मति से प्रस्ताव तैयार करते हैं तो यहां खेल के लिए आधारभूत ढांचा विकसित किया जाएगा, ताकि स्थानीय युवा खेलों में भी अपना भविष्य बना सकें। उन्होंने बताया कि धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना की सभी औपचारिकताएं पूर्ण करवाकर इसका कार्य आरंभ कर दिया गया है। अनुराग सिंह ठाकुर ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय संधोल के लिए जमीन की हस्तांतरण प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सुजानपुर में भी केंद्रीय विद्यालय खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।

anurag


दाड़ला में किया नंदघर का उदघाटन
केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने ग्राम पंचायत दाड़ला के गांव मिहाड़पुर में अनिल अग्रवाल फाउंडेशन एवं ममता एनजीओ के संयुक्त तत्वावधान में विकसित किए गए 25वें नंदघर का शुभारंभ किया। यह नंदघर आधुनिक बाल विकास सुविधाओं से सुसज्जित है। उन्होंने पंचायत परिसर में भी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दाड़ला पंचायत को सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत सभी आधुनिक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके बाद अनुराग सिंह ठाकुर ने देर शाम को गांव मझोग खास में प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत लगभग एक करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से अपग्रेड की गई सडक़ का लोकार्पण भी किया। इस सडक़ से लगभग 20 गांवों के 4 हजार लोग लाभान्वित होंगे।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।