Lok Sabha Election : मंडी में वीरभद्र सिंह की एंट्री, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे गायब
Himachal Lok Sabha Elections 2024 : सियासत में संकेत अहम भूमिका निभाते हैं। हर कोई सियासत में सफलता हासिल करने के लिए किसी न किसी तरह से आम जनता को संकतों के माध्यम से रुझाता है। लोकसभा चुनाव के बीच मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने हिमाचल की सियासत में बड़ा और स्पष्ट संकेत दिया है। अब हिमाचल की चुनावी जंग में विक्रमादित्य सिंह के पोस्टर पर पूर्व सीएम दिवंगत वीरभद्र सिंह की एंट्री भी हो गई है।
यह भी पढ़ें ः-फिल्म का डायरेक्टर फ्लॉप, सुपरस्टार हीरोइन वाली फिल्म भी होगी फ्लॉप : सुक्खू
हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह का बेशक निधन हो चुका है। मगर आज भी हिमाचल प्रदेश की सियासत में उनका ऊंचा कद है। यही वजह है कि मंडी से कांग्रेस के प्रत्याशी एवं वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह ने पोस्टर में अपने पिता की तस्वीर का इस्तेमाल किया है। इस पोस्टर को विक्रमादित्य सिंह ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से भी साझा किया है। हालांकि पोस्टर को लेकर अब कुछ सियासी मायने भी निकाले जाने लगे हैं।
यह भी पढ़ें ः-Himachal News : BJP से निष्कासित पूर्व विधायक किशोरी लाल कांग्रेस में शामिल
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे की तस्वीर गायब
संसदीय क्षेत्र मंडी से कांग्रेस के प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह के पोस्टर में सबसे ऊपर वीरभद्र सिंह की एक बड़ी तस्वीर लगी है। पोस्टर में दाएं तरफ नीचे की ओर विक्रमादित्य सिंह की भी बड़ी तस्वीर है। इसके अलावा इस पोस्टर में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला, महासचिव प्रियंका गांधी, हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की छोटी-छोटी तस्वीरे हैं। मगर इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को स्थान नहीं मिला है।
यह भी पढ़ें ः-Kangra News : कांगड़ा जिला में पैराग्लाइडिंग, ड्रोन फ्लाइंग पर लगी रोक, जानें वजह
2021 के उपचुनाव में भी हुआ था नाम का इस्तेमाल
तस्वीर के जरिये विक्रमादित्य सिंह ने मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता को भी रिझाने की कोशिश की है। हालांकि यह पहली बार नहीं है, जब वीरभद्र सिंह के नाम पर चुनाव लड़ने की कोशिश की जा रही है। वर्ष 2021 में हुए उपचुनाव में भी मंडी संसदीय क्षेत्र में वीरभद्र सिंह के नाम पर चुनाव लड़ा गया था। साल 2021 का उपचुनाव प्रतिभा सिंह ने लड़ा और उनकी जीत में सहानुभूति ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 2021 में चुनाव में भी प्रतिभा सिंह ने वीरभद्र सिंह के लिए श्रद्धांजलि के नाम पर जनता से वोट मांगे थे।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।