कंगना हो सकती हैं मंडी लोकसभा सीट से उम्मीदवार, भाजपा में चर्चाओं का दौर शुरू

भाजपा का एक धड़ा मंडी सीट से कंगना रनौत को टिकट देना चाहता है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व में भी उम्मीदवारों के चयन को लेकर चर्चाएं जारी हैं। 
 | 
Kangana Ranaut

मंडी। हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत उम्मीदवार हो सकती हैं। मंडी संसदीय सीट के भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा का इसी साल मार्च में निधन हो गया था। तब से यह सीट खाली चल रही है। हाल ही में भारतीय निर्वाचन आयोग ने देश में उपचुनाव करवाने की घोषणा की है। मंडी लोकसभा सीट के सात ही तीन विधानसभा सीटों पर भी 30 अक्तूबर को उपचुनाव होंगे। इसके लिए कांग्रेस और भाजपा में उम्मीदवारों को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। 


हिमाचल प्रदेश उपचुनाव के लिए भाजपा की चुनाव समिति की धर्मशाला में बैठक चल रही है। वहीं मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा का एक धड़ा मंडी संसदीय सीट से कंगना रनौत को टिकट देना चाहता है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व में भी उम्मीदवारों के चयन को लेकर चर्चा जारी है। हालांकि कंगना ने खुलकर चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर नहीं की है। इससे पहले भी कंगना के भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं चलती रही हैं, लेकिन कभी कंगना ने भाजपा में जाने अथवा भाजपा की ओर से चुनाव लड़ने का जिक्र नहीं किया है।

बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के भांबला गांव से हैं। कंगना ने मनाली में नया घर भी बनवाया है जो कि मंडी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत ही आता है। मंडी के साथ हिमाचल में फतेहपुर, जुब्बल कोटखाई और अर्की विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के इस साल निधन के बाद से अर्की सीट खाली पड़ी है। फतेहपुर सीट कांग्रेस विधायक सुजान सिंह पठानिया और जुब्बल कोटखाई भाजपा विधायक नरेंद्र बरागटा के निधन के बाद से खाली चल रही थीं। अब इन सीटों पर उपचुनाव होंगे।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।