हिमाचल उपचुनाव: कांग्रेस ने घोषित किए उम्मीदवार, मंडी से प्रतिभा सिंह को उतारा

कांग्रेस महासचिव व केंद्रीय चुनाव समिति के प्रभारी मुकुल वासनिक द्वारा जारी सूची में अर्की से संजय अवस्थी, जुब्बल-कोटखाई से रोहित ठाकुर और फतेहपुर सीट से भवानी सिंह पठानिया को उम्मीदवार बनाया है। 

 | 
pratibha singh congress

शिमला। हिमाचल प्रदेश में होने जा रहे उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। हिमाचल प्रदेश में मंडी लोकसभा सीटे के साथ तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे। कांग्रेस हाईकमान ने मंडी लोकसभा सीट से पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की पत्नी एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह को मैदान में उतारा है। इसके अलावा अर्की विधानसभा सीट से संजय अवस्थी, जुब्बल-कोटखाई से रोहित ठाकुर और फतेहपुर सीट से भवानी सिंह पठानिया को उम्मीदवार बनाया है।

कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की मंजूरी के बाद पार्टी महासचिव एवं केंद्रीय चुनाव समिति के प्रभारी मुकुल वासनिक ने उम्मीदवारों की सूची जारी की है। हाईकमान की ओर से जारी सूची में प्रतिभा सिंह का नाम प्रतिभा वीरभद्र सिंह लिखा है। इससे साफ है कि मंडी लोकसभा उपचुनाव में कांग्रेस पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के नाम का इस्तेमाल कर वोट लेने की तैयारी में है। 


उधर, नामों की घोषणा होने के साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में होने जा रहे उपचुनाव के लिए पूरी तरह तैयार और एकजुट है। भाजपा अंतर्कलह से ग्रस्त प्रत्याशियों को लेकर अभी तक माथापच्ची कर रही है। राठौर ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि सरकार न तो कभी बेरोजगारी की कोई बात करती है, न ही महंगाई की। सरकारी नौकरियों में बाहरी लोगों की नियुक्तियों से प्रदेश के बेरोजगारों के साथ एक बड़ा धोखा किया जा रहा है।


 


प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। प्रदेश में नगर निकाय चुनावों से लेकर जिला परिषद, प्रदेश विवि में गैर शिक्षक कर्मचारी, अधिकारी और अन्य संगठनों के चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार जीत हासिल की है। इससे साफ है कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन और सरकार बदलाव की लहर चल पड़ी है। प्रदेश में चार उपचुनावों से कांग्रेस का जीत का सिलसिला शुरू होगा, जो अगले साल 2022 में विधानसभा चुनावों में भी जारी रहेगा। 

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।