भरमौर की खणी पंचायत के अर्की गांव में पानी का संकट
भरमौर/गरोला। जनजातीय उपमंडल भरमौर की खणी पंचायक के अर्की गांव के लोगों को पिछले 7 माह से पानी के संकट का सामना करना पड़ रहा है। लोग पानी की आपूर्ति के लिए मीलों पैदल चलने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत करवा चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हो पाया।
अर्की गांव के निवासी निर्मला देवी, पर्वो देवी, आशो देवी, सत्य देवी, पूजा देवी, करतार सिंह, अजय कुमार, अरविंद कुमार, अभिषेक कुमार और मनोज आदि ने बताया कि खड़ामुख के पास से खणी के लिए सड़क निर्माण चल रहा है। जब सड़क निर्माण कार्य अर्की गांव के ऊपर होने लगा तो गांव के लिए बिछी पानी की पाइप लाइन टूट गई है। इससे गांव में आने वाली पानी की सप्लाई बाधित हो गई है। पिछले 7 माह से लोग पानी के संकट से जूझना पड़ रहा है।
लोगों को पानी के लिए ढाई किलोमीटर चढ़ाई चढ़ कर खणी से पानी लाना पड़ा रहा है। या फिर लोगों को दो किलोमीटर नीचे उतरकर दरिया से पानी लाना पड़ रहा है। इससे गांव के लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
सड़क निर्माण के दौरान टूटी पाइप लाइन
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान पाइपलाइन टूटने के बाद उसे दुरुस्त नहीं कराने से यहां के करीब 8 घरों के लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। सड़क निर्माण के दौरान ब्लास्टिंग होने और जेसीबी से खोदाई करने के वक्त पाइप लाइन टूट गई थी। इसके बाद उसे दुरुस्त नहीं किया गया। इस कारण लोगों को नहाने, पीने और कपड़े धोने के लिए भी पानी नहीं मिल रहा है।
लोगों को अपने मवेशियों को भी पानी पिलाने के लिए दूर जाना पड़ रहा है। लोगों ने भरमौर प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द पानी की समस्या का समाधान किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
उधर आईपीएच विभाग के एसडीओ भरमौर शर्ती राम शर्मा ने काह कि मामला ध्यान में है। लोगों को पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करवाने के लिए प्लास्टिक की पाइप लाइन बिछा दी है। जैसे ही सड़क निर्माण कार्य पूरा होगा सड़क पकी लाइन बिछा दी जाएगी।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

