वीरभद्र सिंह के निधन पर तीन दिन का राजकीय शोक, पीएम मोदी ने भी जताया दुख
शिमला। हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह का वीरवार सुबह 3:40 बजे आइजीएमसी शिमला में निधन हो गया। वह काफी समय से बीमार थे। दो बार कोरोना संक्रमण को मात देने के बाद भी लगातार अस्पताल में उपचाराधीन थे। सोमवार से वेंटीलेटर पर थे। वीरभद्र सिंह ने आईजीएमसी अस्पताल शिमला में अंतिम सांस ली है।
पूर्व मुख्यमंत्री की तबीयत कोरोना से ठीक होने के बाद और बिगड़ी थी और उपचार के लिए आइजीएमसी में भर्ती करवाया गया था। हाल ही में वह 87 वर्ष के हुए थे। पूर्व मुख्यमंत्री के पार्थिव शरीर को उनके निजी आवास होलीलाज लाया गया है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित कर दिया है।
यह भी पढ़ेंः-बुशैहर के अंतिम राजा से लेकर वीरभद्र सिंह का 87 साल की उम्र तक का सफर
कांग्रेस सहित भारतीय जनता पार्टी ने भी दस जुलाई तक अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। भाजपा महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने कहा पार्टी की कोई भी बैठक दस जुलाई तक आयोजित नहीं की जाएगी। वीरभद्र सिंह ने निधन पर प्रदेश के नेताओं के साथ देशभर के नेताओं ने शोक प्रकट किया है। सभी ने उनके परिवार को इस दुख की घड़ी से निकालने की प्रार्थना की है।
पीएम मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वीरभद्र सिंह के निधन पर शोक जताया है। पीएम मोदी ने टवीट कर लिखा कि वीरभद्र सिंह ने अपने अपने राजनीतिक सफर में अनुभव से हिमाचल प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभाई है। उनके निधन से दुख हुआ है, भगवान दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। गृह मंत्री अमित शाह ने भी वीरभद्र सिंह के निधन पर शोक जताया है। अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा कि वीरभद्र सिंह के निधन का दुखद समाचार मिला, ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। उनके परिवार के सदस्यों व समर्थकों के प्रति संवेदना व्यकत की।
Shri Virbhadra Singh Ji had a long political career, with rich administrative and legislative experience. He played a pivotal role in Himachal Pradesh and served the people of the state. Saddened by his demise. Condolences to his family and supporters. Om Shanti.
— Narendra Modi (@narendramodi) July 8, 2021
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

