होली में ग्रामीणों ने इस वजह से रुकवाया प्रोजेक्ट का काम
होली (राजिन्द्र राज)। जिला चम्बा के सबसे बड़े जलविद्युत उत्पादक क्षेत्र होली में ग्रामीणों ने एक प्रोजेक्ट का काम रुकवा दिया है। प्रोजेक्ट का यह काम ग्रामीणों ने मांगे पूरी न करने के कारण रुकवाया है। इसके साथ ही ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर कंपनी मांगों को पूरा नहीं करती है तो काम शुरू नहीं होने दिया जाएगा। शनिवार को परियोजना की वर्किंग साइट की ओर जा रही एल एंड टी मशीन को भी बीच सड़क में रुकवा दिया।
जानकारी के अनुसार होली में कुठेड में 240 मेगावाट जलविद्युत परियोजना का काम चल रहा है। यह काम एंजलिक नामक कंपनी कर रही है। कंपनी ने यह काम जेएसडब्ल्यू से हासिल किया है। होली-लामू संपर्क मार्ग पर उक्त परियोजना की एडिट-2 टनल का निर्माण चल रहा है। इसके लिए रोजाना संपर्क मार्ग पर भारी भरकम मशीनरी की आवाजाही हो रही है। इससे जहां सड़क को नुकसान पहुंच रहा है, वहीं लोगों की मांगों को भी कंपनी की ओर से नजरअंदाज किया जा रहा है।
शनिवार को भी एक एल एंड टी मशीन वर्किंग साइट की ओर जा रही थी। मशीन को लोगों ने लामू संपर्क मार्ग पर रोक दिया। यहां मौजूद ग्रामीणों में काका राम, वीरु राम और रमेश कुमार ने बताया कि कंपनी की ओर से लगातार मनमानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि कंपनी बड़ी-बड़ी मशीनों को इस मार्ग से लेकर जा रही है। इससे सड़क को लगातार नुकसान पहुंच रहा है। लोगों को आवाजाही करने में परेशानी हो रही है।
वीरू राम ने बताया कि उक्त सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग ने किया है, लेकिन उसकी जमीन का उसे आज तक मुआवजा नहीं मिला है। इसका कोर्ट में भी मामला विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि कंपनी ग्रामीणों को रोजगार दे रही है। इसके अलावा लामू की सड़क को भी नुकसान पहुंचा रही है। लोगों को मजबूर होकर सड़क का निर्माण बंद करवाना पड़ा है।
कंपनी को सड़क को नुकसान पहुंचाने की अनुमति नहीं दी गई है। एल एंड टी मशीन को कंपनी ट्राले के सहारे ले जा सकती है। एल एंड टी की चैन से सड़क को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। अगर सड़क को किसी तरह का नुकसान पहुंचा होगा तो उसकी कंपनी से भरपाई करवाई जाएगी। – संजीव महाजन, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग भरमौर।।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

