MLA विक्रमादित्य बोले-अमृत महोत्सव के नाम पर BJP की चुनावी रैलियां

हिमाचल कांग्रेस महासचिव एवं विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि CM जयराम ठाकुर को इतिहास में सबसे खर्चीले मुख्यमंत्री के तौर पर याद किया जाएगा।
 | 
हिमाचल कांग्रेस महासचिव एवं विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि CM जयराम ठाकुर को इतिहास में सबसे खर्चीले मुख्यमंत्री के तौर पर याद किया जाएगा।

शिमला। हिमाचल कांग्रेस महासचिव एवं विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि CM जयराम ठाकुर को इतिहास में सबसे खर्चीले मुख्यमंत्री के तौर पर याद किया जाएगा। जयराम ठाकुर को जनता हेलिकॉप्टर बदलने, हजार गाड़ियां खरीदने और रिकार्ड कर्ज लेने के लिए हमेशा याद करेगी। विक्रमादित्य सिंह ने आरोप लगाया कि आजादी के अमृत महोत्सव के नाम पर सरकारी पैसे की फिजूलखर्ची की जा रही है। 25 से 30 लाख रुपये वाटर प्रूफ तंबु लगाने के लिए चंद ठेकेदारों को दिए जा रहे हैं। अमृत महोत्सव के नाम पर भारतीय जनता पार्टी की चुनावी रैलियां की जा रही हैं।


उन्होंने कहा कि अमृत महोत्सव के लिए करीब 50 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार और आधुनिक हिमाचल निर्माता एवं छह बार के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का जिक्र तक नहीं किया जा रहा है। अमृत महोत्सव कार्यक्रम के दौरान भाजपा के हारे और नकारे नेताओं को मंचों पर बैठाया जा रहा है। कांग्रेस के जीते हुए विधायकों को इसकी जानकारी तक नहीं दी जाती है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सरकारी खर्चे पर भाजपा की चुनावी रैलियां हो रही है। प्रत्येक रैली के लिए 200 से 250 बसें रूट से कैंसल कर रैलियों में लगाई जा रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली जनता को रोजाना परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।


कार्यक्रमों में दिखाए जा रहे झूठे लाभार्थी

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि अमृत महोत्सव के दौरान झूठे लाभार्थी खड़े कर सब कुछ अच्छा दिखाने की कोशिश की जा रही है। यदि सब अच्छा होता तो सत्तारूढ़ भाजपा की छह-सात महीने पहले उप चुनाव में चार जीरों से हार नहीं होती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी और जयराम सरकार के अब चंद दिन बचे है।


शांता कुमार और धूमल को साधुवाद

विक्रमादित्य सिंह ने कहा वह पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार को साधुवाद देते हैं, जिन्होंने हिमाचल को एक समान नजर से देखते हुए विकास किया है लेकिन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सराज, धर्मपुर और मंडी के अलावा कुछ नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मंडियों में बागवानों से 50 रुपए में सेब खरीदा जा रहा है। इसी सेब को निजी घराने दिल्ली के शॉपिंग मॉल में 450 रुपए बेच रहे हैं। बागवान लंबे समय से सड़कों पर है और जयराम सरकार को बागवानों का दुख दर्द नजर नहीं आ रहा है।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।