हिमाचल उपचुनावः पहले से ज्यादा मतों के साथ भाजपा जीतेगी चारों सीटेंः अनुराग

हमीरपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि किसी भी प्रदेश के विधानसभा चुनाव को उपचुनाव कहना या सेमीफाइनल कहना उचित नहीं है।
 | 
अनुराग ठाकुर। ANURAG THAKUR

हमीरपुर। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दावा कि हिमाचल में होने वाले उपचुनावों में भाजपा चारों सीटें पहले से ज्यादा मतों के साथ जीतेगी। रविवार को चुनाव समिति की बैठक में आगामी रणनीति तैयार करने के बाद राष्ट्रीय आलाकमान प्रत्याशियों के नाम पर मुहर लगाएगी। पत्रकारों से बातचीत के दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा कि किसी भी प्रदेश के विधानसभा चुनाव को उपचुनाव कहना या सेमीफाइनल कहना उचित नहीं है। हर चुनाव महत्वपूर्ण होता है और इसे उसी नजर से देखना चाहिए। केंद्रीय मंत्री सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार पहुंचे। 


कांग्रेस द्वारा स्वच्छता अभियान पर की जा रही टिप्पणियों पर भी केंद्रीय मंत्री ने पलटवार किया। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के बयानों से महात्मा गांधी भी आहत होते होंगे। यह कांग्रेस आजादी से पहले वाली कांग्रेस नहीं है। यह वह कांग्रेस है जिसने भ्रष्टाचार के नए आयाम स्थापित किए हैं। पार्टी के पास आज कोई स्थाई अध्यक्ष नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को यह तय करना है कि उन्होंने स्वच्छता अपनानी है या गंदगी फैलनी है। राहुल गांधी के महंगाई पर दिए जा रहे बयानों पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि उन्हें यूपीए कार्यकाल पर नजर डालनी चाहिए। आंकड़े देखने चाहिए, जिसमें साफ स्पष्ट होता है कि यूपीए के समय महंगाई दर काफी ज्यादा थी।


प्रदेश में विकास के मुद्दे पर कांग्रेस के भाजपा सरकार को घेरने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि प्रदेश के कांग्रेस ने आंखों पर काली पट्टी बांध रखी है। इसकी वजह से उन्हें प्रदेश में विकास नजर नहीं आ रहा। जनता जानती है कि भाजपा की सरकार ने केंद्र व प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने सुजानपुर में गांधी जयंती के उपलक्ष्य पर आयोजित निशुल्क मेडिकल चेकअप कैंप, सुजानपुर में दिशा फाउंडेशन द्वारा आयोजित नितेश महाजन मेमोरियल रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।