Weather Alert : दिल्ली में तूफान ने मचाई तबाही; 2 लोगों की मौत, 23 घायल, IMD ने कहा- घरों में रहें
राजधानी दिल्ली में शुक्रवार देररात आए 'तूफान' ने कई जगह भारी तबाही मचाई है। तुफान के कारण 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 23 लोग अलग-अलग घटनाओं में घायल हो गए। दिल्ली पुलिस ने शनिवार सुबह इस संबंध में आंकड़े जारी कर घटना की विस्तृत जानकारी दी। दिल्ली पुलिस ने बताया कि उसे पेड़ उखड़ने से संबंधित 152 कॉल, इमारतों को नुकसान से संबंधित 55 कॉल और बिजली सप्लाई में बाधा से संबंधित 202 कॉल प्राप्त हुईं।
दिल्ली पुलिस के अनुसार तूफान चलने से दिल्ली में पेड़ गिरने से छह लोग घायल हुए हैं, जबकि 2 की मौत हो गई। वहीं, इमारतों को नुकसान पहुंचने से 17 लोग घायल हो गए। दिल्ली और आसपास के इलाकों में कल रात धूल भरी आंधी चलने के बाद राष्ट्रीय राजधानी में मौसम में बदलाव महसूस किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है और अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 39 से 29 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।
आंधी की वजह से दो गाड़ियों के ऊपर गिरा साइन बोर्ड
दिल्ली में शुक्रवार देर रात आई आंधी के बीच द्वारका मोड़ इलाके में एक बड़ा ‘साइन बोर्ड’ गिर गया जिसकी चपेट में आने से एक एम्बुलेंस समेत दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारियों ने बताया कि एम्बुलेंस में सवार दो व्यक्ति और एक ऑटो रिक्शा चालक दुर्घटना में घायल हो गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अधिकारियों के मुताबिक, रात करीब सवा दस बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की दो गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खराब मौसम के कारण नौ उड़ानों का रूट बदला
दिल्ली के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी आने के बाद हल्की बारिश भी देखने को मिली। मौसम खराब हो जाने के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने वाली नौ उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली आने वाली कुछ उड़ानों को जयपुर भेज दिया गया। मौसम विभाग ने धूल भरी आंधी के मद्देनजर लोगों को घरों के अंदर ही रहने और अनावश्यक यात्रा से परहेज करने की सलाह दी थी।
मौसम विभाग की लोगों को घरों में रहने की सलाह
मौसम विभाग (आईएमडी) ने एक परामर्श में कहा कि लोगों से आग्रह किया जाता है कि वे घरों के अंदर ही रहें, अपनी खिड़कियां और दरवाजे बंद रखें और अनावश्यक यात्रा से बचें। आईएमडी ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रुकने और पेड़ों के नीचे खड़े होने से परहेज करने की सलाह दी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जनकपुरी बी-2 में एक बड़े पेड़ के टूटने से सड़क अवरुद्ध होने के मद्देनजर धरम मार्ग और जनकपुरी की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर यात्रियों से इन रास्तों का उपयोग करने से बचने को कहा।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

