संस्थान खोलने के लिए साढ़े चार साल कहां सोई रही जयराम सरकार : कैबिनेट मंत्री
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की पूर्व जयराम सरकार को आड़े हाथों लिया है। सुक्खू सरकार के कैबिनेट मंत्री बोले, आखिरी छह महीने में प्रदेश की भोली जनता को क्यों ठगा । व्यवस्था परिवर्तन के तहत हो रहे निर्णयों से पूर्व मुख्यमंत्री जयराम और भाजपाई बौखलाए हुए।
Fri, 24 Feb 2023
| 
शिमला । लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की पूर्व जयराम सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने अपने कार्यकाल के अंतिम छह महीनों में बिना बजट का प्रावधान किए 920 संस्थान खोले और स्तरोन्नत किए। यह कार्य केवल राजनीतिक लाभ लेने की मंशा से किया गया। साढ़े चार साल तक जयराम सरकार कहां सोई रही। आखिरी आधे साल में नए संस्थान खोलकर प्रदेश की भोली जनता को ठगने का काम किया गया।
कांग्रेस सरकार में व्यवस्था परिवर्तन के मद्देनजर हो रहे निर्णयों से पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपाई बौखलाए हुए हैं। प्रदेश में बीते पांच साल ठग सरकार चलती रही, जिसने आम जनता और युवाओं को हर मामले में ठगने का काम कार्य किया। अगर प्रदेश में नए संस्थानों की जरूरत थी, तो सरकार ने साढ़े चार साल में क्यों नहीं खोले। कांग्रेस सरकार संस्थान खोलने के विरोध में नहीं है। जहां संस्थानों की वास्तव में जरूरत है, वहां बजट के प्रावधान के साथ संस्थान खोले जा रहे हैं। जहां संस्थान खोलना जरूरी नहीं थे और राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए खोले गए, उन्हें बंद करने के अलावा कोई रास्ता नहीं है। यह प्रदेश की जनता पर ही वित्तीय बोझ डाल रहे थे।
विक्रमादित्य सिंह व सुंदर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री पहले कह चुके हैं, जिस जगह संस्थानों की जरूरत होगी, उस स्थान पर बंद किए गए कार्यालयों को बहाल किया जाएगा। सरकार बंद किए गए संस्थानों की व्यवहार्यता जांच रही है। कांग्रेस सरकार के पहले आम बजट में वित्तीय प्रावधानों के साथ बंद किए गए जरूरी संस्थानों को दोबारा खोलने का निर्णय लिया जाएगा। पूर्व जयराम सरकार की तरह कांग्रेस सरकार लोगों को ठगेगी नहीं।
विक्रमादित्य, सुदंर ने जयराम से पूछे ये सवाल
कर्मचारियों को एरियर के चार हजार 430 करोड़ रुपये न देकर क्यों ठगा। पेंशनर्स को 5 हजार 226 करोड़ रुपये न देकर क्यों ठगने का काम किया। पेंशनर्स और कर्मचारियों को महंगाई भत्ते के 1000 करोड़ देकर न देकर क्यों ठगा। बिना बजट के आखिरी छह महीनों में 920 संस्थान खोलकर और स्तरोन्नत कर 5000 करोड़ का वित्तीय बोझ डालना, क्या जनता को ठगना नहीं है।
पड्डल मैदान की रैली से हो रही जयराम को पीड़ा
कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह व सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि पड्डल मैदान में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का दिया भाषण इसलिए जयराम ठाकुर को चुभ रहा है, चूंकि अपने जिले मंडी में बल्ह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और शिव धाम न बना पाना पूर्व मुख्यमंत्री की सबसे बड़ी विफलता है। वह इन दोनों प्रोजेक्ट के लिए बजट का प्रावधान नहीं कर पाए।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।