हिमाचल पुलिस कांस्टेबल पेपर लीक मामले में मास्टरमाइंड समेत 5 गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल लिखित परीक्षा पेपर लीक मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड सहित 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
 | 
police

शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल लिखित परीक्षा पेपर लीक मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड सहित 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंडी पुलिस की टीम ने आरोपियों को धर दबोचा है और यह सभी बिहार के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी प्रश्न पत्र लीक करने के प्रारंभिक स्रोत हैं। इनकी मिलीभगत से प्रिंटिंग प्रैस से प्रश्न पत्र लीक हुआ था। 


रिपोर्ट्स के मुताबिक बुधवार को गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बिहार के अरविंद कुमार और भरत यादव इस पूरे षड्यंत्र के मास्टरमाइंड हैं। सुधीर यादव, गोरे लाल यादव, गौतम कुमार भारती और सुबोध कुमार को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि प्रिंटिंग प्रैस के पार्ट टाइम वर्कर सुधीर यादव ने मार्च में हिमाचल पुलिस कांस्टेबल भर्ती का प्रश्न पत्र लीक किया था।


इसके बाद प्रश्न पत्र को गोरे लाल के माध्यम से गौतम कुमार भारती को पहुंचाया। यह सब सुबोध कुमार, भरत यादव और अरविंद कुमार के कहने पर किया गया। ओखला दिल्ली में तैनात निजी सुरक्षा गार्ड गोरे लाल ने प्रश्न पत्र गौतम कुमार भारती को दिया। गौतम कुमार भारती ने गोरे लाल से प्रश्नपत्र खरीद कर उसे अपने भाई भरत यादव को दिया। 


सुबोध कुमार, सुधीर यादव, गोरे लाल, भरत यादव व अरविंद कुमार के बीच प्रश्न पत्र पहुंचाने का माध्यम बना। बिहार का अरविंद कुमार व भरत यादव इस पूरे षड्यंत्र के मास्टरमाइंड थे। अभी तक इस मामले में 121 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें 85 उम्मीदवार, 3 अभिभावक व 33 एजेंट शामिल हैं। 33 एजेंटों में 18 हिमाचल और 15 बाहरी राज्य से हैं। अभी मामले को लेकर जांच जारी है।


पेपर लीक मामले में बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, दिल्ली और हिमाचल के गिरोह शामिल हैं। गौर हो कि हिमाचल पुलिस कांस्टेबल के 1,334 पदों की भर्ती के लिए 27 मार्च को लिखित परीक्षा हुई थी। 5 अप्रैल को परिणाम घोषित हुआ। सबसे पहले पेपर लीक होने की रिपोर्ट्स आने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने परीक्षा रद्द कर दी थी। सीएम ने मामला सीबीआई को सौंपने की बात कही है।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।