Himachal Election : हिमाचल में पांच बजे तक 66.09 फीसदी मतदान, वोटिंग खत्म

हिमाचल प्रदेश में 68 विधानसभा सीटों के लिए शनिवार को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक वोट डाले गए। 7,881 मतदान केंद्रों में लोगों ने वोटिंग की। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, सीएम जयराम, केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल  समेत इन दिग्गजों ने  मतदान किया ।
 | 
photo

शिमला ।  हिमाचल प्रदेश में 68 विधानसभा सीटों के लिए शनिवार को मतदान हुआ। प्रदेश भर में बनाए गए 7,881 मतदान केंद्रों में मतदान हो रहा है। 8 दिसंबर को चुनाव नतीजे घोषित होंगे। मतदाता चुनावी मैदान में उतरे भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), माकपा, बसपा और निर्दलीय समेत 412 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इस सियासी जंग में भाजपा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की तर्ज पर सरकारें बदल जाने का रिवाज बदलने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही है, तो कांग्रेस सत्ता में लौटने का प्रयास कर रही है।

 हिमाचल प्रदेश  में 5 बजे तक 66.09 फीसदी मतदान हुआ है। शिमला में अभी तक 66.21, सोलन 68.48, बिलासपुर 65.72, मंडी 66.85, हमीरपुर 64.74, ऊना 67.67, कांगड़ा 64.07, चंबा 63.09, कुल्लू 64.59, लाहौल-स्पीति 67.50, सिरमौर 72.79 और किन्नौर में 62 फीसदी मतदान हुआ है।  विश्व के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र टशीगंग में मतदाताओं ने इतिहास रच दिया है। टशीगंग में सौ फीसदी मतदान हुआ है। यहां कुल 52 मतदाता हैं। सभी ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। 



गौर हो कि प्रदेश में वर्ष 1990 के बाद कोई भी सरकार रिपीट नहीं हो पाई है। इस मिथक को तोड़ने के लिए भाजपा केंद्र और राज्य सरकार के डबल इंजन की ताकत से रिवाज बदलने के नारे के साथ चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस जवाब में रिवाज के बजाय सरकार बदलने के एलान के साथ चुनावी रण में उतरी है। शांतिपूर्ण चुनाव करवाने के लिए प्रदेश के चप्पे-चप्पे पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ ) और प्रदेश पुलिस के 35 हजार जवानों की तैनाती की गई है। 

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने गृह क्षेत्र सराज की मुरहाग पंचायत में स्थित मतदान केंद् आहौंण में परिवार सहित वोट डाला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा में मतदान केंद्र संख्या 44 पर जाकर मतदान किया। उन्होंने कहा कि मेरा लोगों से अनुरोध है कि मतदान के लिए जरूर जाएं और प्राथमिकता के आधार पर जाएं। ज्यादा से ज्यादा वोट डालें।  

जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और उनकी पत्नी मल्लिका नड्डा ने बिलासपुर के मतदान केंद्र संख्या-53 विजयपुर में मतदान किया। जेपी नड्डा ने कहा कि सुबह से जिस तरह का माहौल देख रहा हूं, उससे मुझे लगता है कि लोगों में जोश है और यह जोश कुछ बेहतर करने के लिए है। मैं लोगों से बड़ी संख्या में वोट डालने का अनुरोध करता हूं।  

photo

पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल ने पत्नी, बेटे केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, बहु व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ समीरपुर पोलिंग बूथ पर मतदान किया। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि लोग ज्यादा से ज्यादा मतदान करें। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मणिपुर और गोवा में हमारी सरकार दोबारा बनी है। इस बार हिमाचल प्रदेश और गुजरात में भी ऐसा होने जा रहा है। भाजपा सरकार में सुशासन, विकास और जनकल्याण के कई काम हुए हैं। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह व विधायक विक्रमादित्य सिंह ने रामपुर के पदम छात्र स्कूल पोलिंग बूथ संख्या 83-84 पर मतदान किया।  उन्होंने मतदान से पहले शिमला के रामपुर में शनि मंदिर में दर्शन किए। कांग्रेस के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश में जीत होने वाली है और राज्य की दशा और दिशा बदलने के लिए यह चुनाव हो रहा है। यह चुनाव हिमाचल से जुड़ा हुआ है और उसके भविष्य का चुनाव है। वर्तमान भाजपा सरकार ने हर वर्ग के इंसान की आवाज को दबाया और अनसुना किया है। 

photo

कांग्रेस प्रचार कमेटी प्रमुख सुखविंदर सिंह सुक्खू नादौन के भबडां बूथ पर मतदान किया। सुक्खू ने कहा कि आज लोकतंत्र के उत्सव का दिन है। इस बार निश्चित तौर पर कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी क्योंकि लोगों ने कांग्रेस के लिए मतदान किया है।  पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम के पुत्र अनिल शर्मा, पोते आश्रय शर्मा सहित परिवार के साथ मंडी सदर में अपना वोटा डाला।  नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना जिले के हरोली के गोंदपुर जयचंद मतदान केंद्र में परिवार सहित वोट डाला। 

पूर्व सांसद आनंद शर्मा शिमला के क्लस्टन में परिवार सहित मतदान किया।  उन्होंने कहा कि रिवाज नहीं बदलेगा, सरकार बदलेगी, परिवर्तन होगा। आम आदमी पार्टी को कुछ नहीं मिलेगा, उनका चेहरा सामने आ गया है। वह भाजपा की बी टीम है और सिर्फ वोट काटने के लिए हैं।  हिमाचल प्रदेश के शहरी विकास मंत्री और कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुरेश भारद्वाज ने मतदान केंद्र नंबर 63/87 छोटा शिमला में मतदान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा रिवाज बदल रही है। भाजपा भारी बहुमत से जीतेगी और दोबारा सरकार बनाएगी।  स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने सोलन जिले के अंहेच में परिवार सहित मतदान किया। 

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने दफ्तर पहुंचने से पहले मैहली के वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में मतदान किया। गर्ग ने कहा कि प्रदेश में कहीं से भी मतदान के दौरान फिलहाल गड़बड़ी की कोई शिकायत नहीं आई है। अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी दलीप नेगी ने कुसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में किया मतदान किया। इस दौरान चुनाव विभाग के अधिकारियों और कर्यचारियों को भी बारी-बारी से मतदान के लिए भेजा जाता रहा। इसके अलावा अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी  नीलम दुल्टा ने पोस्टल बैलेट से मतदान किया।    

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।