हिमाचल कांग्रेस ने पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने के लिए सोनिया गांधी को किया अधिकृत
शिमला । हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने के लिए वर्तमान अध्यक्ष सोनिया गांधी को अधिकृत कर दिया है। सोमवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन शिमला में राज्य कांग्रेस कमेटी ने सिंगल लाइन प्रस्ताव पारित किया। प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की ओर से इस बाबत प्रस्ताव रखा गया। चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू और नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने इसका अनुमोदन किया। चुनाव के लिए दिल्ली से नियुक्त एआरओ शमीमा रैना को यह प्रस्ताव सौंपा गया।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव 17 अक्तूबर को होना है। सोमवार को राजीव भवन शिमला में हुई बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में किसी भी मनोनयन का अधिकार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सोनिया गांधी को दिया गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने एकमत से प्रस्ताव को ध्वनिमत से पारित किया।
कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को प्रदेश कांग्रेस कमेटी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, कार्यकारिणी के सदस्यों, पदाधिकारी जैसे उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष सहित प्रदेश चुनाव समिति व हिमाचल प्रदेश से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में किसी भी सदस्यों के मनोनयन का पूरा अधिकार दिया गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राठौर ने की राहुल गांधी की पैरवी
बैठक के दौरान कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को बनाने की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने पैरवी की। उन्होंने कहा कि आज के समय में बहुत जरूरी है कि राहुल गांधी पार्टी की कमान अपने हाथ में लें।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।