दिव्यांग महिला कर्मी को घर बनाने के लिए राशि देगी सुक्खू सरकार

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने डीसी कांगड़ा को 24 घंटे में लाभ देने के निर्देश दिए। रविवार सुबह मुख्यमंत्री के मंडी के टारना मंदिर से वापस लौटते समय महिला ने सुनाया अपना दुखड़ा।  
 | 
Breaking News

मंडी । हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार बैजनाथ की दिव्यांग महिला कर्मचारी को घर बनाने के लिए राशि मुहैया कराएगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने डीसी कांगड़ा को 24 घंटे में महिला को लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।  मुख्यमंत्री रविवार सुबह मंडी सर्किट हाउस से टारना मंदिर में पूजा अर्चना व देव कमरुनाग का आशीर्वाद लेकर वापिस आ रहे थे।

सर्किट हाउस से कुछ ही दूर उनकी नजर सड़क किनारे बच्चे के साथ खड़ी दिव्यांग महिला पर पड़ी। मुख्यमंत्री ने तुरंत अपना काफिला रुकवा दिया। उन्होंने डंडे के सहारे खड़ी महिला से पूछा कि वह क्या चाहती हैं।  मुख्यमंत्री के पूछने पर मंडी की एक यूनिवर्सिटी में आउटसोर्सिंग के तहत कार्यरत महिला कर्मी ने बताया कि वह बैजनाथ की रहने वाली हैं। उसके पास जमीन तो है, लेकिन घर बनाने के लिए पैसा नहीं है। सरकार आर्थिक सहायता मुहैया कराए ताकि वह घर बना सकें।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने काफिले में शामिल मंडी के डीसी अरिंदम चौधरी को बुलाया और कहा कि वह डीसी कांगड़ा के साथ समन्वय स्थापित कर उचित कार्रवाई करें। उन्होंने सरकार की योजनाओं के तहत दिव्यांग महिला की पात्रता जांचकर 24 घंटे के भीतर लाभान्वित करने के निर्देश दिए हैं। महिला ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू का समस्या सुनने व तुरंत आर्थिक मदद करने के निर्देश देने पर धन्यवाद किया है।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।