मनाली में पूर्व CM चंपई सोरेन के पोते वीर सोरेन की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस
मनाली। हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली में एक दुखद घटना सामने आई है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के 22 वर्षीय पोते वीर सोरेन की एक होमस्टे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। बाबूलाल सोरेन के पुत्र वीर सोरेन अपने दोस्तों के साथ मनाली की वादियों का आनंद लेने आए थे, लेकिन यह यात्रा एक बड़े हादसे में बदल गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीर सोरेन अपने मित्र अग्नय वर्मा (उत्तर प्रदेश निवासी) और अन्य साथियों के साथ 22 फरवरी को मनाली पहुंचे थे। वे सभी सिमसा क्षेत्र के एक होमस्टे में ठहरे हुए थे। दोस्तों के बयान के मुताबिक 23 फरवरी को सभी दोस्त सोलंग नाला और सेथन घूमने गए थे और शाम को सुरक्षित वापस लौटे।
सोमवार को दोपहर करीब 12:30 बजे घूमने के बाद जब वे लौटे, तो वीर सोरेन सोने चला गया। उठाने पर उसने सिर में तेज दर्द की शिकायत की। दोस्तों ने 'ब्लिंकिट' के जरिए दवा मंगवाकर उसे दी। दोपहर 2:30 बजे कमरे से अचानक गिरने की आवाज आई। दोस्तों ने देखा कि वीर बिस्तर से नीचे गिरा हुआ था।
अस्पताल ले जाते समय मुंह से निकला झाग
दोस्तों ने तुरंत वीर सोरेन को गाड़ी में डाला और सिविल अस्पताल मनाली की ओर भागे। बताया जा रहा है कि रास्ते में ही उसके मुंह से झाग निकलना शुरू हो गया था। अस्पताल पहुँचने पर चिकित्सकों ने उसे काफी देर तक CPR (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) दिया, लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने उसे 'ब्रॉट डेड' (अस्पताल लाने से पहले मृत) घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम का इंतजार
डीएसपी मनाली, केडी शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के शव को मनाली स्थित शवगृह में रखवा दिया गया है। पुलिस ने वीर के दोस्तों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। झारखंड में पूर्व मुख्यमंत्री के परिवार को सूचित कर दिया गया है। परिजनों के मनाली पहुँचने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।

