क्या आप जानते हैं हिमाचल के इन कलाकारों को, बॉलीवुड में है जिनका दबदबा
बॉलीवुड इंडस्ट्री में कई ऐसे कलाकार हैं जो छोटे शहरों से निकलकर मायानगरी पहुंचे। उन्होंने मायानगरी यानी मुम्बई में न सिर्फ संघर्ष किया बल्कि अपनी प्रतिभा के दम पर अपने सपनों को पूरा कर बॉलीवुड में अपना दबदबा भी कायम किया। हिमाचल से भी कई ऐसे एक्टर और एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने न केवल बॉलीवुड में खुद को स्थापित किया बल्कि अपने शहर और गांव का नाम भी रोशन किया है। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर, प्रीति जिंटा, कंगना रनौत, टिस्का चोपड़ा, यामी गौतम और द ग्रेट खली सहित कई स्टार्स हिमाचल प्रदेश से संबंध रखते हैं और इन कलाकारों की आज भी बॉलीवुड में धाक है।
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर का जन्म हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में हुआ था। अनुपम खेर के पिता पुष्कर नाथ एक कश्मीरी पंडित थे और पेशे से क्लर्क थे। अनुपम ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1982 में आगमन नामक फिल्म से की थी, मगर 1984 में आई सारांश उनकी पहली हिट फिल्म मानी जाती है। अनुपम खेर ने स्पेशल 26, द एक्सिडेंटल प्राइम मिनिस्टर, अ वेडनसडे, दिल वाले दुल्हनिया ले जाएंगे, कुछ-कुछ होता है और हम जैसी कई शानदार फिल्मों में काम किया है।
लाखों दिलों की धड़कन और डिंपल गर्ल यानी प्रीति जिंटा हिंदी सिमेना की जानी-मानी अभिनेत्रियों में से एक हैं। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला में जन्म प्रीति जिंटा हिंदी के अलावा, तेलगू, पंजाबी और अंग्रेजी फिलमों में काम कर चुकी हैं। शुरुआत में प्रीति ने मॉडलिंग में अपनी किमस्त आजमाई। फिल्म दिल से में प्रीति सहायक अभिनेत्री के तौर पर नजर आईं थी। उनकी बतौर मुख्य अभिनेत्री पहली फिल्म सोल्जर थी।
कंगना रनौत ने बॉलीवुड में लंबे संघर्ष के बाद कामयाबी हासिल की है हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के भांबला गांव में जन्मी कंगना ने मॉडलिंग और थियेटर से करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने गैंगस्टर से पहली बार फिल्मी दुनिया में कदम रखा था। गैंगस्टर फिल्म के लिए उन्हें फिल्मफेयर का सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेत्री का पुरस्कार मिला था। उन्होंने वो लम्हें, लाइफ इन अ मेट्रो, फैशन और क्वीन जैसी फिल्मों में जबरदस्त अभिनय किया है। हालांकि अपने बेवाक अंदाज के चलते वह अक्सर विवादों में रहती हैं।
टिस्का चोपड़ा का जन्म हिमाचल प्रदेश के कसौली उपमंडल में हुआ था। टिस्का बॉलीवुड इंडस्ट्री में अपने दमदार अभिनय के लिए जानी जाती हैं। तारे जमीन पर, दिल तो बच्चा है जी और अंकुर अरोड़ा मर्डर केस जैसी फिल्मों में टिस्का काम कर चुकी हैं। उन्होंने अपने फिल्मी करियर का आगाज अजय देवगान के साथ प्लेटफार्म नामक फिल्म से किया था। टिस्का ने टेलीविजन पर कई शार्ट फिल्मों और सीरियल में भी काम किया है।
तेजी से अपनी पहचान बनाती अभिनेत्री यामी गौतम भी आज बॉलीवुड की बेहतरीन अभिनेत्रियों में शामिल हैं। यामी ने मॉडल के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की और 2012 में 'विक्की डोनर' फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। उसके बाद से यामी कई बेहतरीन बॉलीवुड फिल्मों में काम कर चुकी हैं। जानकारी के अनुसार, यामी का जन्म हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुआ था। यामी ने भी बॉलीवुड में अपनी प्रतिभा से खूब नाम कमाया है।
अपनी सुरीली आवाज से सबको मदहोश कर देने वाले मशहूर गायक मोहित चौहान ने कई बॉलीवुड फिल्मों में गाने गाए हैं। मोहित की आवाज में वो कशिश है कि कोई भी उनके गाए गाने सुनकर उनका दीवाना बन जाता है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मोहित हिमाचल प्रदेश के नाहन के रहने वाले हैं। प्रकृति के इतना नजदीक रहने के कारण मोहित के गानों में हर रंग देखने को मिलते हैं।
WWE के रिंग में दुनियाभर के ताकतवर पहलवानों को धूल चटा चुके रेस्लर द ग्रेट खली भी हिमाचल प्रदेश से संबंध रखते हैं। द ग्रेट खली उर्फ दलीप सिंह राणा एक पेशेवर पहलवान के साथ ही अभिनेता भी हैं। वह कई हॉलीवुड और बॉलीवुड फिल्मों में काम कर चुके हैं। द ग्रेट खली बिग बॉस के चौथे संस्करण के प्रतिभागी भी रहे हैं।