सुजानपुर की दो पंचायतें सैलानियों को कर रहीं आकर्षित

सुजानपुर की दो पंचायतें पर्यटन की दृष्टि से प्रदेश के मानचित्र पर उभरी हैं। यह पंचायतें अब अपनी पहचान की मोहताज नहीं रही हैं।
 | 
सुजानपुर की टिहरा पंचायत में कृष्णधाम में बनी मूर्तियां।

हमीरपुर । उपमंडल सुजानपुर की दो पंचायतें पर्यटन की दृष्टि से प्रदेश के मानचित्र पर उभरी हैं। यह पंचायतें अब अपनी पहचान की मोहताज नहीं रही हैं। इन पंचायतों में विकास खंड कार्यालय की ओर से किए गए पर्यटन संबंधी विकास कार्यों ने इनकी पहचान के इतिहास में एक और महत्वपूर्ण पन्ना जोड़ दिया है। ये पंचायतें प्राचीन धरोहरों के कारण भी विख्यात हैं।


सुजानपुर के साथ लगती पंचायत दाड़ला के गांव भलेठ में आदि योगी शिव धाम का निर्माण करके विकास खंड कार्यालय की ओर से किया यह कार्य अनोखी मिसाल बन गया है। इसी पंचायत में महाराजा संसार चंद का प्रवेश द्वार हुआ करता था। इसे संकट मोचन मंदिर के नाम से जाना जाता है। इस गांव में शिव धाम तथा पार्क का निर्माण करके इतिहास के साथ विकास खंड कार्यालय के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने एक अनूठी पहल की है। यहां दूरदराज से पर्यटक पहुंच रहे हैं।

दूसरी ओर टिहरा में कृष्ण धाम के निर्माण में प्रभु कृष्ण की जीवनी का उल्लेख मूर्तियों व चित्रों के माध्यम से कर इसे भी आकर्षित बनाया गया है। जहां शिव धाम में एक करोड़ के करीब राशि खर्च हुई है। वहीं, टिहरा में 50 लाख के करीब खर्च आया है। इससे पहले टिहरा में महाराजा संसार चंद के प्राचीन महल हैं। अब यहां कृष्ण धाम पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है।

दोनों ही पंचायतों के पर्यटक स्थलों में सुजानपुर होली मेले के दौरान भी हजारों सैलानियों ने भ्रमण किया और इनकी खूबसूरती को कैमरों में कैद किया है। खंड विकास अधिकारी निशांत शर्मा, पंचायत जनप्रतिनिधियों और जनता के सहयोग से दोनों पंचायतों में बने यह पर्यटक स्थल पर्यटकों को आकर्षिक कर रहे हैं। यहां रोजाना सैकड़ों लोग पहुंच रहे हैं।

खंड विकास अधिकारी निशांत शर्मा ने कहा कि दोनों पंचायतों में बने धार्मिक पर्यटक स्थल बेहतरीन हैं और यहां दूर दराज से पर्यटक पहुंच रहे हैं। आगे भी इन स्थलों के सौंदर्यीकरण के लिए कार्य किया जाएगा।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।