Himachal News : हमीरपुर को सीएम सुक्खू की बड़ी सौगात, कुलदीप पठानिया कांगड़ा बैंक के चेयरमैन नियुक्त

हमीरपुर से पूर्व विधायक कुलदीप सिंह पठानिया मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के करीबियों में शुमार हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान हमीरपुर से कांग्रेस की टिकट की दौड़ में शामिल नेताओं में पठानिया भी शामिल थे।
 | 
photo

हमीरपुर ।  प्रदेश सरकार ने हमीरपुर से पूर्व विधायक कुलदीप सिंह पठानिया को कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक धर्मशाला का चेयरमैन नियुक्त कर दिया है। पठानिया को सरकार की ओर से बैंक के निदेशक मंडल में नामांकित किया गया है। सहकारिता विभाग की ओर से इस बाबत अधिसूचना जारी की गई है। कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के चेयरमैन पद पर हमीरपुर से ताजपोशी होने से कांगड़ा जिला के नेताओं की एक और आस टूट गई है।

हमीरपुर से पूर्व विधायक कुलदीप सिंह पठानिया मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के करीबियों में शुमार हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान हमीरपुर से कांग्रेस की टिकट की दौड़ में शामिल नेताओं में पठानिया भी शामिल थे।  हालांकि इन्होंने टिकट नहीं मिलने पर बगावत नहीं की। कांग्रेस की मजबूती के लिए क्षेत्र में काम किया। विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद से पठानिया सुक्खू के समर्थन में डटे रहे। बुधवार को कुलदीप सिंह पठानिया को उनकी निष्ठा का इनाम मिला।



कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक की प्रदेश के पांच जिलों कांगड़ा, हमीरपुर, ऊना, चंबा और लाहौल-स्पीति में शाखाएं हैं। धर्मशाला में बैंक का मुख्यालय है। बैंक की माली हालत बीते कुछ समय से ठीक नहीं चल रही है। बैंक का एनपीए बीते कुछ वर्षों के दौरान लगातार बढ़ रहा है। नए चेयरमैन के लिए बैंक को वित्तीय तौर पर मजबूत करना चुनौती भरा कार्य रहेगा।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।