सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर, जनता पर बढ़ाया जा रहा कर्ज का बोझ : इंद्रदत लखनपाल
हमीरपुर । प्रदेश में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर भाजपा सरकार अपनी रैलियों को सफल बनाने का असफल प्रयास कर रही है। यह बात बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने जारी प्रेस बयान में कही। विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि घाटे पर चल रही हिमाचल पथ परिवहन की बसों के रूट रद्द कर उन्हें सरकारी कार्यक्रम के बहाने भाजपा की रैलियों के इस्तेमाल कर जनता को परेशान ही नहीं कर रही। बल्कि प्रदेश के लोगों पर अतिरिक्त कर्ज का बोझ भी डाल रही है।
विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि ये कैसी सरकार है जो लोगों को परेशान कर जबरन रैलियों में बुला रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए यातायात का एकमात्र सरकारी साधन है। अधिकतर लोग एच.आर.टी.सी की बसों में सफर करते हुए अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करते हैं। स्कूल और कॉलेज के छात्रों ने इन बसों में जाने के लिए बस पास बनवाए हैं। लेकिन हिमाचल में बैठी भाजपा सरकार अपनी रैलियों व जनसभाओं में भीड़ जुटाने के लिए एच.आर.टी.सी की बसों का दुरुपयोग करते हुए लोगों को परेशान कर रही है।
लखनपाल ने कहा कि भाजपा सरकारी कार्यक्रम के बहाने अपनी रैलियों को अंजाम देकर प्रदेश को लूटने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पांच सालों मे भाजपा सरकार प्रदेश के लोगों को महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से राहत तो नहीं दिलवा पाई। लेकिन यह जरूर है कि प्रदेश को कर्ज पर धकेलने से भी पीछे नहीं रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने एच.आर.टी.सी के रूट रद्द कर जो घाटा परिवहन को पहुंचाया गया। सरकार बताये कि उसकी भरपाई कौन करेगा। क्या भाजपा के लोग चंदा देकर इस घाटे को पूरा करेंगे, क्या सरकारी खजाने से इस घाटे को पूरा किया जाएगा। क्या सरकारी अफसरशाही या भाजपा के नेता अपनी जेब से इसकी भरपाई करेंगे, इस घाटे को कैसे पूरा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लोगों के प्रति यह रवैया ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में जनता इसका हिसाब करेगी और भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।