दियोटसिद्ध मंदिर में चैत्र मास मेलों में सुरक्षा का जिम्मा संभाल रहे 220 जवान

हजारों की संख्या में रोजाना दर्शनों के लिए दियोटसिद्ध पहुंच रहे भक्त। वाहनों की चेकिंग, होटलों को भी हो रहा निरीक्षण।  इसके साथ ही मंदिर परिसर में होने वाली सभी गतिविधियों पर सुरक्षा जवानों की कड़ी निगरानी है।
 | 
deotsidh temple photo  baba ji

हमीरपुर  ।  उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में चल रहे चैत्र मास मेलों में सुरक्षा का जिम्मा 220 जवानों ने संभाल रखा है। हालांकि शनिवार व रविवार को श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ के चलते अतिरिक्त पुलिस जवानों को तैनात किया जा रहा है।  बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में  शनिवार व रविवार को श्रद्धालुओं की संख्या बहुत ज्यादा होती है। इस वजह से यहां पर लगभग 250 जवानों को तैनात किया जा रहा है। इनमें पुलिस व होमगार्ड के जवान शामिल हैं। सुरक्षा के लिहाज से सभी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए दिन रात सुरक्षा जवान तैनात हैं। वहीं दियोटसिद्ध के सभी होटलों, सराय व अतिथि गृहों की लगातार चेकिंग की जा रही है।

बता दें कि चैत्र मास मेलों में रोजाना हजारों श्रद्धालु बाबा के दर दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं। रोजाना लाखों का चढ़ावा मंदिर परिसर में चढ़ाया जा रहा है। चैत्र मास मेले 14 मार्च से चल रहे हैं तथा 13 अप्रैल को समाप्त होंगे। चैत्र मास मेलों के बीच अब नवरात्र भी चल पड़े हैं। ऐसे में दियोटसिद्ध पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से दियोटसिद्ध मंदिर परिसर को पांच सेक्टर में विभाजित किया गया है। यहां पर पुलिस व होमगार्ड के जवान दिन रात पहरा दे रहे हैं।

सोमवार से लेकर शुक्रवार तक 220 जवान सेवाएं दे रहे हैं , जबकि शनिवार व रविवार को इनकी संख्या को बढ़ाकर लगभग 250 कर दिया जाता है। इसका मुख्य कारण शनिवार व रविवार को मंदिर परिसर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ है। रविवार को बाबा बालक नाथ का वार माना जाता है। यह वजह है कि इस दिन काफी अधिक संख्या में श्रद्धालु बाबा की नगरी में नतमस्तक होने के लिए पहुंचते हैं। वहीं पंजाब सहित अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों की लगातार चेकिंग की जा रही है। इसके साथ ही मंदिर परिसर में होने वाली सभी गतिविधियों पर सुरक्षा जवानों की कड़ी निगरानी है। कुछ दिन पहले पंजाब में जारी हुए अलर्ट के बाद से सुरक्षा व्यवस्था को और चुस्त दुरूस्त कर दिया गया है।

उधर डीएसपी बड़सर लालमन शर्मा ने बताया कि दियोटसिद्ध मंदिर में सुरक्षा के सभी पुख्ता इंतजाम हैं। दिन रात सुरक्षा जवान अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं तथा शनिवार व रविवार को सुरक्षा जवानों की संख्या को बढ़ा दिया जाता है।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।