Video: भरमौर और चुराह में तीन घर जलकर राख, लाखों का नुक्सान

शुक्रवार देरशाम को भरमौर की प्रंघाला पंचायत के रजौर और चुराह की जुनास पंचायत में हुए अग्निकांड में तीन परिवार बेघर हो गए।
 | 
शुक्रवार देरशाम को भरमौर की प्रंघाला पंचायत के रजौर और चुराह की जुनास पंचायत में हुए अग्निकांड में तीन परिवार बेघर हो गए। Bharmour Fire Accident churah Fire Accident Chamba Fire Accident

भरमौर। हिमाचल प्रदेश के जिला चम्बा के जनजातीय क्षेत्र भरमौर में दो घरों में अचानक आग भड़क गई। आग की चपेट में आने से दो घर जलकर राख के ढेर में बदल गए हैं। गनीमत यह रही कि आस-पास के ग्रामीणों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, नहीं तो भरमौर का एक पूरा गांव आग की चपेट में आ सकता था। घटना शुक्रवार देर शाम की है। फिलहाल आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है।  

जानकारी के अनुसार भरमौर की प्रंघाला पंचायत की प्रधान बबली देवी और साथ लगते जोगिंद्र सिंह के घर में आग लग गई। आस-पास के गांव के लोगों की जैसे ही घर में आग लगने की सूचना मिली तो वह प्रंघाला के रजौर गांव की ओर दौड़े। ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया है। देरशाम की हुई घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।


वहीं, सूचना मिलने पर भरमौर के विधायक जिया लाल कपूर ने भी लोगों से आग पर काबू पाने का आह्वान किया। कई लोग रजौर गांव पहुंच गए और आग पर काबू पाने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद को काबू कर लिया गया। बताया जा रहा है कि अगर आग पर काबू नहीं पाया जाता तो पूरा रजौर गांव आग की चपेट में आ सकता था। लोगों ने कड़ी मशक्कत कर पूरे गांव को चपेट में आने से बचा लिया है।

उधर, उपमंडल चुराह की ग्राम पंचायत जुनास के जुनास गांव में शुक्रवार देर शाम को एक घर में आग लग गई। आग लगने से मकान पूरी तरह से जल गया। स्थानीय ग्रामीणों ने आग बुझाने के भरसक प्रयास किए लेकिन आग बुझाने में कामयाबी नहीं मिल पाई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को जलाकर राख कर दिया। मकान जलने से राम लाल का लाखों का नुक्सान हो गया।


बताया जा रहा है जिस समय आग लगी उस दौरान मकान के अंदर परिवार का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा पेश आ सकता था। राम पुत्र भागी निवासी जुनास के परिवार के सदस्य खाना खाने दूसरे कमरे में गए हुए थे। इस दौरान रसोई से कुछ दूरी पर बने मकान में आग लग गई। आग की लपटें देखकर ग्रामीण एकत्रित हो गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिल पाई।


ग्राम पंचायत जुनास प्रधान  कमलो देवी ने कहा कि शुक्रवार देर रात को जुनास गांव में आग लगने से एक मकान बुरी तरह से जल गया। आग लगने की सूचना हमने प्रशासन को दे दी है। पंचायत प्रभावित परिवार की हरसंभव मदद करेगी। विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. हसंराज ने कहा है कि जुनास गांव में आग लगने की जानकारी मिली है। प्रशासन को वहां का मौका कर प्रभावित परिवार की मदद करने के लिए कहा गया है। 

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।