Shimla : चलती गाड़ी पर पत्थर गिरने से युवक की मौत, तीन लोग घायल

पंजाब नंबर का वाहन शिमला से सुन्नी की तरफ जा रहा था। इसमें चार लोग सवार थे। सुन्नी से 14 किमी पहले देवीधार के पास अचानक पहाड़ी से एक बड़ी चट्टान वाहन के अगले हिस्से पर गिर गई।
 | 
चलती गाड़ी पर पत्थर गिरने से युवक की मौत

शिमला । राजधानी से सटे सुन्नी क्षेत्र में चलती गाड़ी पर पत्थर गिरने से एक युवक की मौत हो गई। इसकी पहचान रोहित कुमार (25) पुत्र अशोक कुमार, गांव मझोटी जिला कांगड़ा निवासी के तौर पर हुई है। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। इनका आईजीएमसी अस्पताल में उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर सुन्नी थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इसमें सन्नी (33) पुत्र धर्म सिंह, गांव तांबर तहसील जयसिंहपुर जिला कांगड़ा, हरदीप सिंह (56) पुत्र सतपाल सिंह हाउस नंबर-2014, फेज-7 सेक्टर मोहाली पंजाब और गाड़ी चालक अभिषेक (35) पुत्र पन्ना लाल मलोया, चंडीगढ़ निवासी शामिल हैं।



डॉक्टरों के मुताबिक तीनों की हालत स्थिर है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक सभी लोग एक निजी कंपनी में काम करते हैं और कारोबार के सिलसिले से सुन्नी आ रहे थे। सुन्नी- बसंतपुर सड़क पर देवीधार के पास वीरवार को दोपहर 2:50 बजे हादसा पेश आया। पुलिस के मुताबिक पंजाब नंबर का वाहन शिमला से सुन्नी की तरफ जा रहा था। इसमें चार लोग सवार थे।

सुन्नी से 14 किमी पहले देवीधार के पास अचानक पहाड़ी से एक बड़ी चट्टान वाहन के अगले हिस्से पर गिर गई। रोहित ड्राइवर साइड की सीट पर पर बैठा था और चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को वाहन से बाहर निकाला और उपचार के लिए सुन्नी अस्पताल ले गए।



शव को वाहन से बाहर निकालने के लिए भी पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ देर बाद प्राथमिक उपचार देने के बाद तीनों घायलों को शिमला रेफर किया गया। स्थानीय क्षेत्र के विजय, सतपाल, सुशील, विनोद, शुभ्भी ने बताया कि लुहरी-सुन्नी सड़क पर भी बारिश में कई जगह से पर पत्थर गिर रहे है। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्हाेंने प्रशासन से समस्या का समाधान करने की अपील की है। स्थानीय प्रशासन ने मृतक और घायलों को फौरी राहत दे दी है।

डीएसपी मुख्यालय कमल किशोर वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सपुर्द किया जाएगा। मामले की तफ्तीश जारी है।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।