राजनीति : आम आदमी पार्टी का दामन छोड़ एसएस जोगटा ने थामा कांग्रेस का हाथ

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के समक्ष जोगटा सहित आम आदमी पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी पूनम शर्मा, पीसी शर्मा, रिकी कुकरेजा, मीरा ठाकुर, अजय कुमार, गीतांजलि व सेवानिवृत्त सहायक अभियंता मुकेश कुमार ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा।
 | 
एसएस जोगटा

शिमला ।  हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और आम आदमी पार्टी के उपाध्यक्ष व प्रवक्ता एसएस जोगटा ने सात अन्य पदाधिकारियों के साथ मंगलवार को कांग्रेस की सदस्यता ली। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के समक्ष जोगटा सहित आम आदमी पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी पूनम शर्मा, पीसी शर्मा, रिकी कुकरेजा, मीरा ठाकुर, अजय कुमार, गीतांजलि व सेवानिवृत्त सहायक अभियंता मुकेश कुमार ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा।



कांग्रेस अध्यक्ष ने इन नेताओं को पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया।  इस अवसर पर प्रतिभा सिंह ने कहा कि जोगटा कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष रहे हैं। कर्मचारियों में इनकी विशेष पहचान है। जोगटा पहले भी कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए थे। आज उन्होंने अपनी पुरानी पार्टी में घर वापसी की है। उन्होंने कहा कि इनके कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को और अधिक मजबूती मिलेगी।

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता देवेंद्र बुशैहरी ने सभी नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि जोगटा 2012 से से 2017 तक दिवंगत वीरभद्र सिंह की सरकार में अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष रहे हैं। कांग्रेस में शामिल होने के बाद एसएस जोगटा ने कहा कि प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस अधिक मजबूत हो रही है। प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह ने सदैव कर्मचारियों के हितों में कार्य किए है। जोगटा ने जयराम सरकार पर आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार राज्य के कर्मचारियों को देय भत्ते भी नहीं दे पा रही है।



कांग्रेस में शामिल होते ही फिसली जोगटा की जुबान


प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एसएस जोगटा ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा को 60 और अन्य को आठ सीटें मिलेंगी। हालांकि अपनी इस गलती को जल्द ही सुधारते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा को तो कोई भी सीट नहीं मिलेगी। 60 सीटें कांग्रेस जीतेगी। भाजपा को 60 सीटें मिलने का बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ है।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।