भारत दिन- प्रतिदिन विकास की राह पर अग्रसर होकर नई बुलंदियों को छू रहा : अनुराग ठाकुर

भोरंज विधान सभा क्षेत्र के कंज्याण में आयोजित किया गया "प्रगतिशील हिमाचल स्थापना के 75 वर्ष"समारोह,  केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता ।
 | 
केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता

हमीरपुर ।  केन्द्रीय सूचना प्रसारण,युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को हमीरपुर जिला के भोरंज विधान सभा क्षेत्र के कंज्याण में हिमाचल प्रदेश के अस्तित्व में आने के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर आयोजित "प्रगतिशील हिमाचल स्थापना के 75 वर्ष"समारोह में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश को देवभूमि और वीरभूमि के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि पहला परमवीर चक्र  प्रदेश के ही मेजर सोमनाथ को मिला और प्रदेश के ही राईफलमेन संजय कुमार और कै0 बिक्रम बतरा को भी परमवीर चक्र मिला।


   उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर बन रहा है। आज देश दुनियां की सबसे बड़ी 5वीं अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है। यह देश के लिए बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि भारत दिन प्रतिदिन विकास की राह पर अग्रसर होकर नई बुलंदियों को छू रहा है और आने वाले समय में भारत विश्व की प्रथम तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो जाएगा।    उन्होंने कहा कि अब भारत रक्षा के क्षेत्र में भी लगातार अग्रसर हो रहा है। अब भारत में ही स्वदेशी हथियार तैयार किए जा रहे हैं। अब भारत हथियार खरीदने वाला नहीं बल्कि हथियार बेचने वाला देश बन गया है।

देश में ही अब सभी प्रकार की आधुनिक तकनीक से लैस वस्तुएं बनाई जा रही हैं। लगभग 2 लाख बुलेटप्रूफ जैकेट भारतीय सेना को उपलब्ध करवाई गई। पूर्व सैनिकों को वन रैक वन पैशंन प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के दौरान 80 करोड़ लोगों को 28 माह तक निशुल्क राशन प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि  देश मे ही वेक्सीन बनाई गई जिसकी आपूर्ती अन्य देशों को भी गई। 200 करोड़ वेक्सीन की निशुल्क डोज देश में लोगों को निशुल्क लगाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि कोविड संकट काल में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में आक्सीजन सिलेंडर, पीपीकिट,फेसमास्क, आक्सीजन प्लांट उपलब्ध करवाए गए।


     उन्होंने कहा कि संसदीय क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए बिलासपुर जिला में एम्स,ऊना में पीजीआई सैटेलाईट सेंटर और हमीरपुर में मेडिकल कालेज बनाए गए। बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए एनआईटी, तकनीकी, बागवानी विश्वविद्यालय हमीरपुर, हाईड्रो इंजीनियरिंग कालेज बिलासपुर, आईआईटी ऊना, केन्द्रीय विश्वविद्यालय देहरा में खोले गए। उन्होंने कहा कि धौलासिद्ध प्रोजेक्ट का कार्य भी शुरू दिया गया है।

.....
        उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिला सडक़, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र में अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि 12 सौ करोड़ रूपए की लागत से हमीरपुर से टौणी देवी-अवाह देवी सडक़ को डबललेन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमीरपुर - ऊना रेल लाइन के लिए भी प्रदेश सरकार 25 प्रतिशत व्यय का खर्च उठाने को तैयार हो गयी है जल्द ही हमीरपुर को रेल की सौगात मिल जाएगी। इसमें केंद्र 75 प्रतिशत का खर्च उठाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा ऊना के लिए बल्क ड्रग पार्क स्वीकृत किया गया है जिसमें प्रदेश के लगभग 20 हज़ार युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके अतिरिक्त भविष्य के लिए भी अन्य बड़ी-बड़ी योजनाएं लाने के प्रयास किए जाएंगे।


  उन्होंने कहा कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र में केन्द्रीय विद्यालय खुलने की सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर दी गयी हैं और जल्द ही इसका शानदार भवन बन कर तैयार किया जाएगा।
   उन्होंने कहा कि विकास एक निरन्तर चलने वाली प्रक्रिया है। केंद्र सरकार की हर घर नल, नल से जल योजना के अंतर्गत हर घर तक पानी पहुंचाने का कार्य इसी वर्ष पूर्ण कर दिया जाएगा। हिमाचल प्रदेश ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सडक़, बिजली, पानी या अन्य क्षेत्रों प्रदेश नेे सबसे ज्यादा उन्नति की है। उन्होंने कहा प्रदेश सरकार ने 3 लाख से भी अधिक गृहणियों को निशुल्क सिलेंडर तथा चूल्हा देने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश निरन्तर विकास की ओर अग्रसर हो रहा है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पात्र लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश में 125 यूनिट निशुल्क बिजली, निशुल्क पेयजल सुविधा, हिमाचल पथ परिवहन की बसों में महिलाओं को 50 प्रतिशत किराए में छूट प्रदान की है। उन्होंने कहा कि नए भारत के निर्माण में हिमाचल का योगदान सुनिश्चित करना प्रत्येक हिमाचलवासी का कर्तव्य होना चाहिए। हमें अपनी संस्कृति को संजोकर रखना है। तथा हमें यह प्रण  लेना चाहिए कि हम भारत को पुन: सोने की चिडिय़ा बनाएंगे। उन्होंने प्रगतिशील हिमाचल स्थापना के 75वें वर्ष पर विकास की यात्रा तब और अब पर आधारित विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शियों का अवलोकन भी किया।

...
     भोरंज विधानसभा की विधायक तथा उप मुख्य सचेतक कमलेश कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि भोरंज विधानसभा में पानी की किल्लत को दूर करने के प्रयास किये जा रहे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा भोरंज में जुडिशियल कोर्ट स्वीकृत किया गया है। इसके लिये उन्होंने प्रदेश सरकार का धन्यवाद किया है। इससे अब स्थानीय लोगों को केस निपटान के लिए हमीरपुर नही जाना पड़ेगा।  उन्होंने कहा कि भोरंज में 23 करोड़ की लागत से हॉस्पिटल का भवन बन रहा है जल्द ही इसका कार्य पूर्ण कर लोगों को समर्पित कर दिया जाएगा। आने वाले समय में ट्रॉमा सेंटर की सुविधा भी इस हॉस्पिटल में उपलब्ध करवाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि भोरंज में विकास की गंगा बही है। उन्होंने भोरंज में जल शक्ति मंडल, विद्युत मंडल खोलने पर प्रदेश सरकार का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही भोरंज में लाइबे्ररी शुरु कर दी जाएगी। जिससे बच्चों को पढऩे के लिए सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि भोरंज कॉलेज के ग्राउंड के लिए 1 करोड़ 40 लाख की राशि स्वीकृत हो चुकी है जल्द ही ग्राउंड बन कर तैयार कर दिया जाएगा। अवाहदेवी, जाहू, बस्सी बस अड्डों के लिए बजट मिल चुका है जिसका कार्य शीघ्र ही शुरु कर दिया जाएगा।


     इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष बलदेव शर्मा, पूर्व विधायक डा0 अनिल धीमान, मंडलाध्यक्ष देशराज शर्मा, मीडिया प्रभारी भोरंज मंडल पुरषोतम लाल, उपायुक्त देबश्वेता बनिक, पुलिस अधीक्षक डा0 आकृति शर्मा, एसडीएम स्वाती डोगरा के अतिरिक्त अन्य पदाधिकारी एवं  गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
     

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।