Himachal : आप ने सरकारी स्कूलों में मुफ्त शिक्षा देने, निजी में मनमानी फीस रोकने की दी गारंटी

आप हिमाचल में शिक्षा के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। बुधवार को दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सत्ता में आने के बाद शिक्षा के पांच बिंदुओं पर काम करने की गारंटी दी।  
 | 
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया

शिमला । हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही भाजपा और कांग्रेस के बाद अब आम आदमी पार्टी (आप) ने भी घोषणाओं का सिलसिला शुरू कर दिया है। आप हिमाचल में शिक्षा के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। बुधवार को दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सत्ता में आने के बाद शिक्षा के पांच बिंदुओं पर काम करने की गारंटी दी। 



शिमला में आयोजित संवाद कार्यक्रम में दोनों नेताओं ने पार्टी के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद कजेरीवाल का हिमाचल के लिए शिक्षा गारंटी का एजेंडा कार्यकर्ताओं के बीच रखा। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद आप सरकारी स्कूलों में हर बच्चे को अच्छी और मुफ्त शिक्षा देगी। निजी स्कूलों की मनमानी फीस पर लगाम लगाई जाएगी। दिल्ली की तर्ज पर शानदार सरकारी स्कूल भवन बनाए जाएंगे। कच्चे शिक्षकों को नियमित किया जाएगा।

इसके अलावा शिक्षकों को सिर्फ पढ़ाने का काम दिया जाएगा। अन्य कार्यों में इनकी ड्यूटियां नहीं लगाई जाएंगी। सिसोदिया ने कहा कि पंजाब में अध्यापकों और प्रिंसिपलों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। पढ़ाई के आधुनिक तरीकों को सीखने के लिए अध्यापकों को सिंगापुर और ब्रिटेन भेजा जा रहा है।



हिमाचल के दो हजार स्कूलों में महज एक-एक अध्यापक : सिसोदिया 


सिसोदिया ने कहा कि हिमाचल में 11 लाख छात्र-छात्राएं सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे हैं। हिमाचल के दो हजार स्कूल ऐसे हैं, जहां महज एक-एक अध्यापक है। 6.5 हजार स्कूलों में दो-दो अध्यापक पढ़ा रहे हैं। प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आठ हजार करोड़ खर्च कर रही है जबकि धरातल पर स्थिति बेहद खराब है। शिक्षा का बजट आखिर कहां जा रहा है। यह चिंतनीय है। प्रदेश के 47 फीसदी कॉलेजों में प्रिंसिपल तक नहीं हैं। मुख्यमंत्री निजी कॉलेजों के पोस्टर ब्वॉय बने हुए हैं।



पंजाब में एक साथ बैठकर पढ़ाई कर रहे गरीब, डॉक्टर, जज, और मंत्री के बेटे : मान 


मान ने कहा कि हिमाचल में विधानसभा चुनाव हैं। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस के लोग बेवकूफ बनाने का काम करेंगे। जुमले सुनाए जाएंगे। लेकिन जनता को इसका जवाब देना होगा। पहले पंजाब में गरीब और अमीर बच्चों का अलग-अलग पाठ्यक्रम होता था। लेकिन आज गरीब, डॉक्टर, जज, और मंत्री का बेटा एक साथ बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं। 

हमें कह रहे रेवड़ियां बांटीं, मोदी ने तो 15 लाख वाला पापड़ बांटा  : मान

 

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को शिमला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, प्रदेश सरकार और कांग्रेस पर तीखे जुबानी हमले बोले। उन्होंने कहा कि दिल्ली और पंजाब के लिए कहा जाता है कि शिक्षा, परिवहन, बिजली की निशुल्क रेवड़ियां बांट दी गईं। उन्होंने कहा कि ये रेवड़ियां छोटी हैं लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को 15 लाख रुपये का पापड़ बांटा है। लेकिन आज तक जनता के खातों में यह पैसा नहीं आया है।
हिमाचल में भाजपा जीप में लोगों को लाकर शक्ति प्रदर्शन कराती है, लेकिन आम आदमी पार्टी लोगों की आंखों में आंखें डालकर बात करती है। कांग्रेस पर तंज कसते हुए मान ने कहा कि देश व प्रदेश में कांग्रेस का यह हाल हो गया है कि माताएं अपने बेटों को कहानी सुनाती हैं - एक थी कांग्रेस, बस इसके आगे कुछ नहीं, कहानी खत्म। 

मान ने कहा कि हिमाचल और पंजाब पड़ोसी राज्य हैं। पंजाब की जनता के पास भी पहले विकल्प नहीं था, लेकिन जैसे ही नया रास्ता मिला, जनता ने उन्हें चुन लिया। इसी का परिणाम है कि पांच माह के भीतर 70 साल से ज्यादा काम किए गए हैं। पंजाब में भ्रष्टाचारियों पर नकेल कसी जा रही है। दो से तीन मंत्रियों को अंदर किया गया है। उन्होंने कहा कि महीने में 300 यूनिट बिजली फ्री की गई है। दो महीने में 74 लाख में से 51 लाख को जीरो बिल आ रहा है। स्वास्थ्य गारंटी के तहत मोहल्ला क्लीनिक मॉडल खोले गए हैं।


50 हजार एकड़ में से 9500 एकड़ कब्जे को छुड़वाया जा चुका है। आने वाले दिनों में बुढ़ापा पेंशन की डोर टू डोर डिलीवरी होगी। पंजाब में नौ मेडिकल कॉलेज हैं, 16 नए बनाए जा रहे हैं। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि मोदी का सीना अगर 56 इंच का है तो हमारा उससे भी बढ़कर है। उन्होंने कहा कि भाजपा का एक मंत्री जो किराये पर दो कमरों में रहता था, उन्होंने अपने बेटे की शादी के रिसेप्शन पर दिल्ली से शिमला तक 10 होटलों में पार्टी दी।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।