सुजानपुर क्षेत्र की दाड़ला पंचायत में करीब पांच करोड़ से बनेगा हेलीपैड

राज्य सरकार ने दी मंजूरी, पर्यटन विभाग को निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश  
 | 
हेलीपैड

हमीरपुर ।   सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री भारत सरकार अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा गोद ली गई ग्राम पंचायत दाड़ला में हेलीपैड बनाने को लेकर राज्य सरकार ने मंजूरी प्रदान कर दी है। मंजूरी प्रदान करने के साथ -साथ में निर्माण के लिए करीब पौने पांच करोड़ रुपए बजट का प्रावधान भी किया है। राज्य सरकार ने हेलीपैड बनाने की मंजूरी देते हुए राज्य पर्यटन विभाग को निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए हैं।

अनुराग सिंह ठाकुर ने करीब तीन माह पहले उनकी गोद ली हुई पंचायत दाड़ला भलेठ में हेलीपैड बनाया जाए इसको लेकर पंचायत प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक की थी। बैठक में उन्होंने जानकारी देते हुए बताया था कि सुजानपुर विस क्षेत्र में पर्यटन की दृष्टि से लोगों की आवाजाही हो।  इसके लिए यहां पर हेलीपैड बनाया जाएगा। उन्होंने पंचायत को निर्देश देते हुए कहा था कि हेलीपैड बनाने के लिए इस पंचायत में भूमि का चयन करें उनके निर्देश पर जिला टूरिज्म विभाग एवं पंचायत प्रतिनिधियों के साथ-साथ अन्य विभागीय अधिकारियों ने पंचायत में जहां यह हेलीपैड बनाया जा सके।  उसको लेकर भूमि की तलाश की थी, जो नियमों के अनुसार पूरी तरह सही पाई गई थी।

वर्तमान में हेलीपैड निर्माण के लिए भूमि का चयन हो चुका है। तमाम अन्य भूमि स्थानांतरण प्रक्रिया भी लगभग पूरी है। ऐसे में जल्द यहां पर हेलीपैड निर्माण कार्य शुरू होगा। सरकार की ओर से 4.67 करोड़ रुपए बजट का प्रावधान किया गया है। सेक्रेटरी टूरिज्म की ओर से जारी की गई अधिसूचना में डायरेक्ट टूरिज्म को हेलीपैड बनाने संबंधी निर्देश जारी किए गए हैं। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में हेलीपैड बनाने की मंजूरी मिलने पर खुशी की लहर है।

गौर रहे कि ग्राम पंचायत दाड़ला केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर की गोद ली हुई पंचायत है उन्हीं के मार्गदर्शन एवं निर्देश पर यहां पर आदि योगी शिव धाम का भी निर्माण करवाया गया है। सुजानपुर में हेलीपैड बनने से तीन जिलों को सुविधा उपलब्ध होगी। संबंधित विषय पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का भी आभार व्यक्त किया है।

इसके अतिरिक्त सुजानपुर भाजपा मंडल, सुजानपुर भाजपा शहरी इकाई, सुजानपुर भाजयुमो, सुजानपुर भाजपा महिला मोर्चा सभी मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री भारत सरकार अनुराग सिंह ठाकुर प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल का आभार व्यक्त किया है।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।