हमीरपुर : अनुराग ठाकुर की अपील, आगे बढ़ने के लिए विभाजित नहीं, एकजुट हों देश के लोग

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि पीएम मोदी के सशक्त, दूरदर्शी और गतिशील नेतृत्व में भारत ने पिछले 8 वर्षों के दौरान विश्व पटल पर अपना पुराना गौरव और उच्च स्थान हासिल किया है।
 | 
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर

हमीरपुर ।  केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि हम आजादी के 75 साल यानी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और लोगों के सहयोग से नए युग का भारत बनेगा। आगे बढ़ने के लिए भारत को विभाजित नहीं बल्कि एकजुट होना चाहिए। पीएम मोदी के सशक्त, दूरदर्शी और गतिशील नेतृत्व में भारत ने पिछले 8 वर्षों के दौरान विश्व पटल पर अपना पुराना गौरव और उच्च स्थान हासिल किया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत आज विश्व की पांचवीं सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है।



अनुराग ठाकुर ने कहा कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास में हमने कोई कमी नहीं रखी, अब इन चुनावों में जनता भी भाजपा को जिताने में कोई कमी न रखे।  सुजानपुर से अगर भाजपा के विधायक होते तो विकास की रफ्तार वर्तमान से कई गुणा अधिक होती। स्थानीय कांग्रेस विधायक पर तंज कसते हुए अनुराग ने कहा कि जो अपनी सरकार में कुछ नहीं करवा सके, वह वर्तमान में क्या करेंगे?



सुजानपुर के बाद भोरंज में आयोजित कार्यक्रम में अनुराग ठाकुर ने कहा कि संसदीय क्षेत्र के तहत बिलासपुर में एम्स, ऊना में पीजीआई सैटेलाइट सेंटर और हमीरपुर में मेडिकल कॉलेज बनाए गए। बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए तकनीकी विवि, उद्यानकी एवं बागवानी कॉलेज, हाईड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बिलासपुर, आईआईटी ऊना, केंद्रीय विश्वविद्यालय देहरा में खोले गए। धौलासिद्ध प्रोजेक्ट का कार्य भी शुरू दिया गया है।


अनुराग ने कहा कि 12 सौ करोड़ रुपये की लागत से हमीरपुर से टौणीदेवी-अवाह देवी सड़क को डबललेन किया जाएगा। हमीरपुर- ऊना रेल लाइन के लिए भी प्रदेश सरकार 25 प्रतिशत व्यय का खर्च उठाने को तैयार हो गयी है। जल्द ही हमीरपुर को रेल की सौगात मिल जाएगी। इसमें केंद्र 75 फीसदी का खर्च उठाएगी।  उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा ऊना के लिए बल्क ड्रग पार्क स्वीकृत किया गया है जिसमें प्रदेश के लगभग 20 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा।

भोरंज विधानसभा क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय खुलने की सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर दी गई हैं और जल्द ही इसका शानदार भवन बन कर तैयार किया जाएगा। अनुराग ठाकुर ने प्रगतिशील हिमाचल स्थापना के 75वें वर्ष पर विकास की यात्रा तब और अब पर आधारित विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शियों का अवलोकन भी किया।

फेसबुक पर हमसे जुड़ने के लिए यहांक्लिक  करें। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट पाने के लिए हमेंगूगल न्यूज पर फॉलो करें।